
Rajnandgaon: नववर्ष पर पुलिस का लक्ष्य: “शून्य घटना – शून्य दुर्घटना”
नववर्ष के अवसर पर जिले में शांति, सुरक्षा एवं सुदृढ़ कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जिला पुलिस राजनांदगांव द्वारा पुलिस–जन सहभागिता के माध्यम से “शून्य घटना – शून्य दुर्घटना” थीम पर विशेष अभियान शुरू किया गया है।
नववर्ष के दौरान पर्यटकों, श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों की बढ़ती आवाजाही को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सख्त किया है।
होटल, ढाबा व कार रेंटल संचालकों के लिए सख्त निर्देश जारी
जिला पुलिस द्वारा जिले के सभी कार रेंटल प्रतिष्ठान, होटल, ढाबा एवं रेस्टोरेंट संचालकों को सुरक्षा से संबंधित Do’s & Don’ts का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
कार रेंटल संचालकों को वाहन किराये पर देने से पूर्व ग्राहकों की वैध पहचान, ड्राइविंग लाइसेंस का सत्यापन, तथा वाहन के RC, बीमा एवं PUC दस्तावेज दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही प्रतिदिन किराये पर दिए गए वाहनों की जानकारी संबंधित थाना प्रभारी को देना अनिवार्य किया गया है।
होटल एवं रेस्टोरेंट संचालकों को परिसर में कार्यशील CCTV कैमरे, सुरक्षित पार्किंग, फायर सेफ्टी उपकरण और प्राथमिक उपचार किट रखने के निर्देश दिए गए हैं। अवैध गतिविधियों, नशाखोरी, हुड़दंग, तेज आवाज, DJ/लाउड म्यूजिक पर सख्त नियंत्रण रखने के साथ ही नाबालिगों को शराब या नशीले पदार्थ की आपूर्ति पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगी।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि निर्देशों की अवहेलना या कानून व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। जिला पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे पुलिस के साथ सहयोग कर नववर्ष को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और दुर्घटनामुक्त बनाएं।
आपातकालीन संपर्क:
📞 पुलिस कंट्रोल रूम – 94791 92199
📞 नववर्ष हेल्पलाइन – 94792 46435
— जिला पुलिस राजनांदगांव




