छत्तीसगढ़

CG : नाली में बर्तन रखकर पानी भर रहे लोग, प्रशासन की नाकामी …

जगदलपुर. जगदलपुर शहर में जल संकट अब सिर्फ पानी की कमी तक सीमित नहीं रहा, बल्कि दूषित पानी लोगों की सेहत पर भी भारी पड़ने लगा है. शहर की पुरानी और जर्जर पाइपलाइन जगह-जगह से क्षतिग्रस्त हो चुकी है, जिससे नलों में साफ पानी की जगह नाली का गंदा पानी पहुंच रहा है. निचली बस्तियों में हालात सबसे ज्यादा खराब बताए जा रहे हैं, जहां पानी का प्रेशर इतना कम है कि लोगों को नालियों में बर्तन रखकर पानी भरना पड़ रहा है. कई इलाकों में महिलाएं और बच्चे गंदी नालियों में खड़े होकर पानी लेने को मजबूर नजर आए.

स्थानीय लोगों का कहना है कि टुल्लू पंपों के अत्यधिक इस्तेमाल से भी जलापूर्ति व्यवस्था चरमरा गई है. जिन घरों में पहले पर्याप्त पानी पहुंचता था, वहां भी अब बूंद-बूंद पानी के लिए इंतजार करना पड़ रहा है. दूषित पानी की सप्लाई के चलते शहर में पीलिया के मरीज बढ़ने की चर्चा भी तेज हो गई है. नागरिकों ने नगर निगम से पुरानी पाइपलाइन बदलने और स्वच्छ जलापूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है. लोगों का कहना है कि गर्मी के मौसम में यह संकट और खतरनाक बनता जा रहा है. यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो स्थिति और गंभीर हो सकती है. प्रशासन फिलहाल व्यवस्था सुधारने के दावे कर रहा है, लेकिन जमीनी हालात लोगों की परेशानी बयां कर रहे हैं.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
ऐप पर पढ़ें