छत्तीसगढ़दुर्ग जिला

CG : नीट-2026 परीक्षा की तैयारियों को लेकर कलेक्टर ने ली बैठक, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश …

दुर्ग। आगामी नीट-2026 परीक्षा की तैयारियों को लेकर कलेक्टर अभिजीत सिंह ने लोक निर्माण विभाग के सभाकक्ष में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। 21 जून को जिले के 19 परीक्षा केंद्रों में आयोजित होने वाली परीक्षा की तैयारियों और व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि परीक्षा जैसे संवेदनशील कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या त्रुटि की गुंजाइश नहीं है। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को एसओपी का कड़ाई से पालन करते हुए गंभीरता एवं सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। साथ ही परीक्षा केंद्रों में कानून-व्यवस्था एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। जिले के 19 परीक्षा केंद्रों में कुल 6,939 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए विभिन्न केंद्रों पर ऑब्जर्वर और चिकित्सा अधिकारियों की नियुक्ति की गई है।

100 मीटर के दायरे में नहीं चलेंगे कोचिंग सेंटर परीक्षा को निष्पक्ष, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में किसी भी प्रकार का कोचिंग सेंटर संचालित नहीं होना चाहिए। वहीं केंद्र परिसर में टेंट, एलईडी या अन्य अनावश्यक व्यवस्थाओं पर भी रोक रहेगी। परीक्षार्थियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी परीक्षा केंद्रों पर स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती की जाएगी। प्रत्येक केंद्र में दो-दो पैरामेडिकल स्टाफ की ड्यूटी लगाई गई है, जो ग्लूकोज पैकेट, बीपी मशीन और सामान्य दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करेंगे। इसके अलावा परीक्षा केंद्रों के 500 मीटर के दायरे में लाउडस्पीकर के उपयोग पर प्रतिबंध रहेगा।

प्रवेश के लिए सख्त नियम परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5.15 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षार्थियों को केवल प्रवेश पत्र और वैध फोटो पहचान पत्र के साथ ही प्रवेश दिया जाएगा। किसी भी प्रकार का पाउच, ज्वेलरी, अंगूठी, चैन, डिजिटल वॉच, जूते, मोजे, धातुयुक्त वस्तुएं तथा हाई हील चप्पल प्रतिबंधित रहेंगी। केंद्र में प्रवेश केवल हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़ों में ही दिया जाएगा। विद्यार्थियों की पहचान थंब इम्प्रेशन के माध्यम से की जाएगी। प्रवेश पत्र में दिए गए स्लॉट के अनुसार ही परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश मिलेगा, जिससे सुरक्षा जांच प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हो सके।

अभिभावकों और बैग रखने की भी व्यवस्था कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी परीक्षार्थियों को अपरान्ह 1.30 बजे से पहले परीक्षा केंद्र परिसर के अंदर प्रवेश करा दिया जाए, ताकि समय को लेकर किसी प्रकार की परेशानी न हो। साथ ही जिला शिक्षा अधिकारी को परीक्षा केंद्रों के आसपास अभिभावकों के ठहरने के लिए उपलब्ध शासकीय परिसरों की जानकारी देने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षार्थियों के बैग रखने के लिए प्रवेश द्वार से पहले एक अलग कक्ष आरक्षित किया जाएगा। कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करते हुए परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए। इस अवसर ड्यूटी पर तैनात सभी अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।

lokesh sharma

Lokesh Sharma | Editor Lokesh Sharma is a trained journalist and editor with 10 years of experience in the field of journalism. He holds a BAJMC degree from Digvijay College and a Master of Journalism from Kushabhau Thakre University of Journalism & Mass Communication. He has also served as a Professor in the Journalism Department at Digvijay College. Currently, he writes on Sports, Technology, Jobs, and Politics for kadwaghut.com.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
ऐप पर पढ़ें