
राजनांदगांव में नक्सल मोर्चे पर बड़ी सफलता 12 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया
राजनांदगांव/बकरकट्टा।
छत्तीसगढ़ पुलिस को नक्सल मोर्चे पर एक बड़ी उपलब्धि मिली है। बकरकट्टा थाने में कल देर रात 2 बजे से 3 बजे के बीच कुल 12 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है। आत्मसमर्पण करने वालों में एक करोड़ के इनामी एमएमसी जोन प्रभारी रामधेर भी शामिल है, जिसने करीब दर्जनभर साथियों के साथ हथियार डालकर मुख्यधारा में लौटने का फैसला लिया।
राजनांदगांव रेंज की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक
सूत्रों के मुताबिक नक्सली पिछले कई दिनों से राजनांदगांव पुलिस के संपर्क में थे। पुलिस की लगातार दबिश और शांतिपूर्ण विकल्प देने की रणनीति के बाद नक्सलियों ने आत्मसमर्पण का निर्णय लिया।
बताया जा रहा है कि राजनांदगांव रेंज के आईजी अभिषेक शांडिल्य आज इस पूरे मामले पर प्रेस वार्ता कर सकते हैं।
जिले की पुलिस की बड़ी भूमिका
जानकारी के अनुसार—
राजनांदगांव के पुलिस कप्तान की इस ऑपरेशन में महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एक बड़े मीडिटियर/संपर्क सूत्र ने इसमें अहम भूमिका निभाई, जिसके माध्यम से नक्सली पुलिस के संपर्क में आए।
कल रात सरेंडर करने वाला वाराणसी लियोन नामक नक्सली भी पिछले दो-तीन दिनों से पुलिस संपर्क में था।
छत्तीसगढ़ में लगातार बढ़ रहा दबाव
विशेषज्ञों का मानना है कि हाल ही में सुरक्षा बलों की मजबूत मौजूदगी, लगातार अभियानों और विकास कार्यों ने नक्सली संगठन पर भारी दबाव बनाया है।
इसके चलते पिछले कुछ महीनों में नक्सलियों के आत्मसमर्पण की संख्या तेजी से बढ़ी है, जो पुलिस की नीतियों की बड़ी सफलता मानी जा रही है।
कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं डिप्टी CM
सूत्रों के मुताबिक आत्मसमर्पण कार्यक्रम को लेकर आज राजनांदगांव में बड़ा आयोजन किया जा सकता है, जिसमें उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा भी उपस्थित रह सकते हैं।






