
राजनांदगांव : प्रधानमंत्री किसान समान निधि योजना के तहत किसानों को मिलेगा लाभ…
जिले के 1 लाख 3 हजार से अधिक किसानों को मिलेगा 20.64 करोड़ का लाभ
राजनांदगांव. प्रधानमंत्री किसान समान निधि योजना के तहत जिले के 1 लाख 3 हजार 203 किसानों को 21वीं किस्त का भुगतान आज 19 नवंबर को किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुबह 11 बजे आधार आधारित भुगतान प्रणाली के माध्यम से राशि सीधे किसानों के खातों में अंतरित करेंगे।
इस बार जिले के किसानों को कुल 20 करोड़ 64 लाख रुपए की किस्त दी जाएगी। योजना की शुरुआत वर्ष 2019 में किसानों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से की गई थी, जिसके तहत हर तीन माह में 2000 रुपए और सालाना 6000 रुपए की सहायता दी जाती है।
शासन ने 19 नवंबर को ‘पीएम किसान दिवस’ के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। जिला, ब्लॉक और पंचायत स्तर पर कृषि विभाग व कृषि विज्ञान केंद्र के संयुक्त सहयोग से कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनका वेबकास्ट प्रसारण भी होगा। किसान ब्रॉडकास्ट लिंक के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़ सकते हैं। कृषि विभाग ने अधिक से अधिक किसानों से सहभागी बनने की अपील की है।


