
अमित भौमिक आत्महत्या मामले में अमीन कुरैशी गिरफ्तार पुलिस चौकी चिखली की कार्रवाई
आत्महत्या के लिए प्रताडि़त करने वाला आरोपी गिरफ्तार
राजनांदगाँव। चिखली पुलिस चौकी क्षेत्र निवासी युवक अमित भौमिक की आत्महत्या मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने लखोली क्षेत्र से आरोपी अमीन कुरैशी को पकडा़ है। आरोपी के इस काम में एक युवती के भी शामिल होने की तस्दीक करने के बाद पुलिस अब उस युवती की भी तलाश कर रही है।
चिखली पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मामले में गिरफ्तार आरोपी अमीन कुरैशी अपनी एक साथी किंजल ठावरे के साथ मिलकर मृतक युवक अमित भौमिक को पैसे के लिए प्रताडि़त करता था और उसे जान से मारने की धमकी देता था। दोनों की प्रताड़ना से तंग आकर अमित ने 27 दिसम्बर 2025 को अपने घर में अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। अमित भौमिक की मौत के बाद उसके परिजनों ने प्रताड़ना की रिपोर्ट लिखाई थी।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुलिस चौकी चिखली मे मर्ग कायम कर जांच कार्रवाई मे लिया गया। जांच के दौरान परिजनों के कथन, संकलित साक्ष्य और पीएम रिपेार्ट पर से अपराध धारा 108, 3(5) बीएनएस पंजीबद्ध कर विवेचना कार्रवाई में लिया गया प्रताड़ित करने वाले आरोपीगण फरार होने और प्रकरण गंभीर प्रकृति का होने से पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र नायक के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के पर्यवेक्षण में चौकी चिखली एवं सायबर सेल की टीम गठित कर फरार आरोपियो की पता तलाश शुरू किया गया। आरोपियों के छिपने के संभावित स्थानों मे लगातार दबिश दिया जा रहा था। पुलिस को 19 जनवरी 2026 को आरोपी अमीन कुरैशी के लखोली स्थित ग्राउण्ड में छिपे होने की सूचना मिली। उसे वहां से पकड़कर अभिरक्षा में लेकर पुलिस चौकी चिखली लाकर पूछताछ की गई।
आरोपी अमीन कुरैशी पिता अकरम कुरैशी उम्र 30 साल साकिन लखोली वार्ड नं. 32 ने पुलिस को बताया कि उसने अपनी महिला साथी किंजल ठावरे के साथ मिलकर अपराध किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर आज 20 जनवरी 2026 को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। आरोपी किंजल ठावरे की पता तलाश जारी है।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक कैलाश चन्द्र मरई, सउनि विनोद कुमार वर्मा, प्रधान आरक्षक अरूण कुमार नेताम, आरक्षक सुनील बैरागी, चन्द्रकपूर आयाम, गोपाल पैकरा एवं सायबर सेल प्रभारी निरीक्षक विनय पम्मार एवं टीम तथा चौकी चिखली स्टाफ का महत्वपूर्ण भूमिका व सराहनीय योगदान रहा।



