DPR छत्तीसगढ समाचारछत्तीसगढ़रायपुर जिला

CG: श्रद्धा और आस्था का प्रमुख केंद्र है बाबा धाम : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

महाशिवरात्रि पर 1.20 करोड़ के विकास कार्यों का शिलान्यास

रायपुर/रायगढ़, 15 फरवरी 2026।
महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय अपनी धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय के साथ रायगढ़ प्रवास के दौरान देर रात ग्राम कोसमनारा स्थित श्री श्री 108 श्री सत्यनारायण बाबा धाम पहुंचे। उन्होंने भगवान भोलेनाथ एवं श्री श्री 108 श्री सत्यनारायण बाबा की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को महाशिवरात्रि पर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कोसमनारा स्थित यह धाम श्रद्धा और आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां की आध्यात्मिक ऊर्जा समाज को सकारात्मक दिशा और आत्मबल प्रदान करती है।

इस दौरान मुख्यमंत्री श्री साय ने जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) मद के अंतर्गत 1 करोड़ 20 लाख रुपए की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का विधिवत शिलान्यास किया। प्रस्तावित कार्यों में मुख्य भवन के सामने ग्रेनाइट फर्श सहित शेड निर्माण, आगंतुकों के विश्राम एवं भोजन के लिए शेड निर्माण, शौचालय परिसर भवन निर्माण तथा पार्किंग क्षेत्र के लिए सीमेंट कांक्रीट सड़क निर्माण शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इन कार्यों से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

उल्लेखनीय है कि रायगढ़ जिला मुख्यालय से लगभग 7 किलोमीटर दूर स्थित यह धाम वर्षों से श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र रहा है। स्थानीय जनश्रुति के अनुसार, श्री श्री 108 श्री सत्यनारायण बाबा वर्ष 1998 से कठोर तपस्या में लीन हैं और वर्ष 2003 में उन्हें ‘श्री श्री 108’ की उपाधि प्राप्त हुई। बाबा द्वारा पत्थरों को एकत्र कर शिवलिंग का स्वरूप निर्मित कर उसी स्थान को तपोभूमि बनाया गया। वर्षा, ग्रीष्म और शीत—तीनों ऋतुओं में खुले स्थान पर भगवान भोलेनाथ की साधना उनकी तपस्या की विशेष पहचान है।

इस अवसर पर महापौर श्री जीवर्धन चौहान, नगर निगम सभापति श्री डिग्रीलाल साहू, कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशिमोहन सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।

https://news.google.com/publications/CAAqKAgKIiJDQklTRXdnTWFnOEtEV3RoWkhkaFoyaDFkQzVqYjIwb0FBUAE?hl=hi&gl=IN&ceid=IN%3Ahi