
राजनांदगांव : मानसिक स्वास्थ्य उन्मुखीकरण के लिए दिए टिप्स…
राजनांदगांव , मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा यूनिसेफ छत्तीसगढ़ व एमसीसीआर ट्रस्ट के सहयोग से कर्मचारियों और फ्रंट लाइन वर्कर्स के लिए एक दिवसीय उन्मुखीकरण 3 सत्रों में आयोजन किया गया। इस उन्मुखीकरण का उद्देश्य समुदाय स्तर पर कार्यरत कर्मियों को मानसिक स्वास्थ्य के महत्व एवं इससे जुड़ी सेवाओं के बारे में संवेदनशील बनाना था।
इस कार्यक्रम में जिला समन्वयक, ब्लॉक समन्वयक, एसपीएस, मितानिन ट्रेनर्स, आरएमए तथा आरबीएसके के आयुष चिकित्सक ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को बताया गया कि मानसिक स्वास्थ्य भी शारीरिक स्वास्थ्य जितना ही महत्वपूर्ण है और समाज में इसके प्रति जागरूकता बढ़ाना अत्यंत आवश्यक है। ओरिएंटेशन सत्र में फील्ड स्तर पर कार्यरत कर्मियों की भूमिका पर विशेष चर्चा की गई, जिसमें समुदाय में मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े कलंक (स्टिग्मा) को कम करने, मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े शुरुआती संकेतों की पहचान करने तथा समय पर उचित सेवाओं के लिए रेफरल सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। साथ ही प्रतिभागियों को यह भी बताया गया कि मानसिक स्वास्थ्य सेवाएं ब्लॉक, जिला एवं राज्य स्तर पर उपलब्ध हैं और जरूरतमंद लोगों को समय पर इन सेवाओं तक पहुंचाना अत्यंत महत्वपूर्ण है।
गतिविधियों से विषय को समझाया गया प्रशिक्षण में सैद्धांतिक जानकारी के साथ-साथ विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से विषय को समझाया गया। सत्र की पद्धति पूरी तरह सहभागितापूर्ण रही, जिससे प्रतिभागियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित हुई और विषय को व्यवहारिक रूप से समझने का अवसर मिला। यह उन्मुखीकरण सीएमएचओ डॉ.नेतराम नवरत्न के मार्गदर्शन में, डॉ.गजेंद्र सिंह के नेतृत्व में तथा डॉ. डी श्याम कुमार एमसीसीआर ट्रस्ट के सहयोग से सम्पन्न हुआ। इस दौरान संदीप ताम्रकर डीपीएम और डॉ.विकास राठौर जिला एनसीडी सलाहकार का योगदान अमूल्य रहा।






