112 वाहन चालक पर नशे में होने का आरोप, वीडियो बनते ही वाहन लेकर मौके से निकला
संजीव गुप्ता
छुरिया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छुरिया में देर रात सड़क हादसे में घायल तीन लोगों को उपचार के लिए लाए जाने के दौरान 112 वाहन चालक पर नशे की हालत में होने का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि मोटरसाइकिलों की भिड़ंत में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिन्हें प्रारंभिक उपचार के लिए छुरिया अस्पताल लाया गया। डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए तीनों घायलों को राजनांदगांव रेफर कर दिया।

इसी दौरान घटना की जानकारी लेने अस्पताल पहुंचे 112 वाहन के चालक की हालत संदिग्ध दिखाई दी। मौके पर मौजूद प्रतिनिधि द्वारा चालक का वीडियो बनाए जाने पर चालक ने वाहन की लाइट बंद कर दी और 112 वाहन लेकर मौके से रवाना हो गया।
मामले को लेकर छुरिया थाना प्रभारी से शिकायत की गई। थाना प्रभारी ने घटना की जानकारी होने की पुष्टि करते हुए कहा कि मामले में जांच कर शीघ्र कार्रवाई की जाएगी।



