छत्तीसगढ़राजनांदगांव जिला

राजनांदगांव : कलेक्टर ने छुईखदान विकासखंड के सुदूर वनांचल ग्राम गेरूखदान, कोसमर्रा तथा रामपुर का किया मुआयना

– शासकीय उचित मूल्य दुकान, प्राथमिक शाला, आंगनबाड़ी केन्द्र, गौठान तथा वैक्सीनेशन सेन्टर का किया निरीक्षण
– शासकीय उचित मूल्य की दुकानों में हितग्राहियों से चर्चा कर राशन वितरण एवं अन्य सुविधाओं की ली जानकारी
– कलेक्टर ने कोविड-19 टीकाकरण के लिए ग्रामीणों को किया जागरूक
राजनांदगांव 08 सितम्बर 2021। कलेक्टर श्री तारन प्रकाश सिन्हा ने विकासखंड छुईखदान के सुदूर वनांचल ग्राम गेरूखदान, कोसमर्रा तथा रामपुर में शासकीय उचित मूल्य दुकान, शासकीय प्राथमिक शाला, आंगनबाड़ी केन्द्र, गौठान तथा वैक्सीनेशन सेन्टर का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्राम गेरूखदान के शासकीय उचित मूल्य दुकान में राशन वितरण की जानकारी ली। उन्होंने हितग्राहियों से चर्चा कर प्रतिमाह राशन सहित अन्य सामग्री की जानकारी ली। उचित मूल्य दुकान में विभिन्न प्रकार के कार्डों में मिलने वाले राशन की मात्रा की सूची लगाने के निर्देश दिए। ग्राम घोठा के निवासी श्री धरमदास ने बताया कि वे प्रतिमाह चावल ले जाते हैं। ग्राम कोसमर्रा उचित मूल्य दुकान संचालक ने बताया कि यहां 330 राशन कार्ड संचालित है। प्रतिमाह चावल, शक्कर, 2 किलो चना का वितरण किया जाता है। कलेक्टर ने उपलब्ध राशन तथा चना के गुणवत्ता की जांच की। उन्होंने वहां उपस्थित हितग्राहियों से चर्चा कर वहां के सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने इस दौरान लोगों को टीकाकरण के लिए जागरूक किया।

कलेक्टर ने गंभीर कुपोषित बच्चे को डॉक्टर की देखरेख में ईलाज करने के दिए निर्देश-
आंगनबाड़ी केन्द्र गेरूखदान का किया निरीक्षण
कलेक्टर श्री सिन्हा ने आंगनबाड़ी केन्द्र गेरूखदान का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों की उपस्थिति, शिक्षा-अध्ययन की जानकारी ली। उन्होंने केन्द्र में संचालित योजनाओं का लाभ बच्चों को दिलाने कहा। कलेक्टर ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से कहा कि गंभीर कुपोषित बच्चे पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। उन्होंने आंगनबाड़ी केन्द्र में कुपोषित बच्चों की जानकारी ली। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने बताया कि एक बच्चा कुपोषित है। कलेक्टर श्री सिन्हा ने डॉक्टर को विशेष देखरेख में ईलाज करने के निर्देश दिए। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को बच्चे और माँ दोनों के आहार, टीकाकरण तथा विशेष देखरेख करने कहा। माता तथा बच्चे को सही समय में गर्म भोजन, रेडी टू ईट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

नागरिक टीकाकरण के लिए अन्य लोगों को प्रेरित करें – कलेक्टर
कलेक्टर ने ग्राम कोसमर्रा में वैक्सीनेशन सेंटर का किया निरीक्षण
कलेक्टर श्री सिन्हा ने ग्राम कोसमर्रा में वैक्सीनेशन सेंटर का निरीक्षण किया। उन्होंने वैक्सीनेशन की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि गांव में शत-प्रतिशत टीकाकरण के लिए सरपंच, सचिव के माध्यम से घर-घर जाकर लोगों को प्रेरित करें। डॉक्टर ने बताया कि ग्रामीण टीकाकरण के लिए आ रहे हैं। जिन नागरिकों ने प्रथम डोज लगावा लिया हैं, वे दूसरा डोज लगावाने आ रहे हैं। इस दौरान उन्होंने वैक्सीन लगाने आएं ग्रामीणों से स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि टीका पूर्णरूप से सुरक्षित है। कोविड-19 संक्रमण से बचने के लिए यह सुरक्षा कवच है। वे टीकाकरण के लिए गांव के अन्य लोगों को भी प्रेरित करें।
कलेक्टर ने ग्राम कोसमर्रा के शासकीय प्राथमिक शाला में बच्चों के शैक्षणिक स्तर का किया परीक्षण
कलेक्टर बच्चों के जबाव से हुए प्रभावित
कलेक्टर श्री सिन्हा ने शासकीय प्राथमिक शाला कोसमर्रा में बच्चों के शैक्षणिक स्तर का परीक्षण किया। उन्होंने कक्षा पांचवीं में बच्चों से पहाड़ा पूछा। छात्र राकेश ने 12 का पहाड़ा और रेशम ने 10 का पहाड़ा सुनाया। जिससे कलेक्टर प्रभावित हुए। उन्होंने कक्षा पहली और दूसरी में दीवार पर चित्रित वर्णमाला से बच्चों से प्रश्र पूछे। जिनका जवाब बच्चों ने सरलतापूर्वक दिया। उन्होंने स्कूल में शिक्षकों और मध्यान्ह भोजन की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि मध्यान्ह भोजन में बच्चों को प्रतिदिन दाल, चावल, सब्जी दें तथा गुणवत्ता पर विशेष ध्यान रखें।
कलेक्टर ने ग्राम गेरूखदान के गौठान का किया निरीक्षण
कलेक्टर श्री सिन्हा ने ग्राम गेरूखदान के गौठान का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वर्मी कम्पोस्ट निर्माण एवं विक्रय की जानकारी ली। उन्होंने मवेशियों के लिए अलग फेंसिंग तथा एसएचजी शेड में पेंटिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गौठान में विभिन्न गतिविधियां प्रारंभ होने चाहिए। उन गतिविधियों के माध्यम से महिलाओं की आय सुनिश्चित हो। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री लोकेश चंद्राकर, एसडीएम छुईखदान श्री अरूण कुमार, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथलेश चौधरी, सीईओ जनपद पंचायत श्री प्रकाश तारम सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button