राजनांदगांव : ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का एक महीने तक 130 बच्चों ने लिया लाभ…
राजनांदगांव , दिग्विजय स्टेडियम समिति द्वारा आयोजित एक माह के ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का समापन बुधवार को दिग्विजय स्टेडियम में समारोहपूर्वक किया गया। शिविर में लगभग 130 बच्चों ने टेबल टेनिस, शतरंज, स्नूकर, बिलियर्ड्स और पूल टेबल जैसे खेलों का प्रशिक्षण विशेषज्ञ प्रशिक्षकों से प्राप्त किया।
समापन समारोह में वरिष्ठ समाजसेवी खूबचंद पारख, महापौर मधुसूदन यादव, जिला क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष सुशील कोठारी तथा स्टेडियम समिति के वरिष्ठ सदस्य रमेश डाकलिया विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों का स्वागत समिति के सचिव रमेश पटेल, सहसचिव योगेश बागड़ी, प्रबंधक देवेंद्र ठाकुर और तीरथ गोस्वामी ने किया।
समिति के सचिव रमेश पटेल ने कहा कि दिग्विजय स्टेडियम में भविष्य में भी शतरंज, टेबल टेनिस, पूल टेबल, बैडमिंटन, क्रिकेट, बास्केटबॉल सहित अन्य खेलों के प्रशिक्षण कार्यक्रम वर्षभर संचालित किए जाएंगे। उन्होंने खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास जारी रखने की बात कही।
महापौर मधुसूदन यादव ने कहा कि खेल गतिविधियों से जुड़े नए पदाधिकारियों की नियुक्ति के बाद स्टेडियम में खेलों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर आयोजन हो रहे हैं और आगे भी यह सिलसिला जारी रहेगा। शिविर के सफल संचालन में सुरेंद्र सिंह बग्गा, अनिल डुलानी, हर्ष चितलांगिया, ममता मिश्रा, दीपेश मिश्रा और प्रकाश शर्मा का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम में वरिष्ठ पार्षद रानु जैन और रघुवीर वाधवा उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन सुजीत द्विवेदी और सहसचिव योगेश बागड़ी ने किया।



