राजनांदगांव : जनसंपर्क विभाग द्वारा ग्राम आसरा में फोटो प्रदर्शनी का आयोजन


– शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित पाम्पलेट, पुस्तक, पत्रिका, ब्रोशर का किया गया वितरण
– शासन ने धान खरीदी में बनाया नया कीर्तिमान – सरपंच श्रीमती अहिल्या पंचारी

राजनांदगांव । जनसंपर्क विभाग द्वारा डोंगरगांव विकासखंड के ग्राम आसरा में शासन के विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए विकासखंड स्तरीय फोटो प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। फोटो प्रदर्शनी में शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी लेने बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। ग्राम पंचायत आसरा की सरपंच श्रीमती अहिल्या पंचारी ने बताया कि शासन की विभिन्न योजना का लाभ आज ग्रामवासियों को मिला है। शासन ने धान खरीदी में नया कीर्तिमान बनाया है। इस वर्ष किसानों की उपज का धान अच्छे व सुचारू ढंग से खरीदी की गई है। धान उपार्जन केन्द्र में मिली सुविधाओं से किसान संतुष्ट है। किसानों को किसी भी प्रकार की दिक्कत नहीं हुई। राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत राशि प्राप्त हो रही है। गोधन न्याय योजना का लाभ ग्राम की महिला स्वसहायता समूह को मिल रहा है। गौठान समिति के माध्यम से गोबर एवं गोमूत्र की खरीदी भी की जा रही है। जिससे स्वसहायता समूह की महिलाओं को रोजगार मिला है। हमारे ग्राम आश्रम में कुल 38 हजार 896 किलो गोबर की खरीदी की जा चुकी है। जिससे पशु पालकों की आय में वृद्धि हुई है। साथ ही हमारे गांव में जैविक खाद का भी निर्माण किया जा रहा है। जैविक खाद से किसानों की खेती की उपज में फायदा हुआ है।
फोटो प्रदर्शनी देखने तथा शासन की विभिन्न कल्याकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने दूरदराज से ग्रामीण पहुंचे। जनसंपर्क विभाग द्वारा सेवा-जतन-सरोकार, न्याय का नया अध्याय, छत्तीसगढ़ जनमन पत्रिका सहित शासन की विभिन्न योजनाओं से संबंधित पाम्पलेट के माध्यम से जानकारी दी गई। जनसंपर्क विभाग द्वारा प्रकाशित विभिन्न योजनाओं पर आधारित पुस्तक, पत्रिका, ब्रोशर का वितरण भी किया गया। इस अवसर पर जनसंपर्क विभाग के सहायक ग्रेड-3 श्री मच्छेन्द्र महाले एवं भृत्य श्री भूपेन्द्र साहू ने ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *