छत्तीसगढ़

CG : फर्जी ओएसडी गिरफ्तार, क्रिकेट मैच के दौरान दिखाया था धौंस …

भिलाई। खुर्सीपार इलाके में क्रिकेट मैच के दौरान खुद को गृह मंत्री का ओएसडी ऑफिसर ऑन स्पेशल ड्यूटी) बताकर खिलाड़ियों को धमकाया गया और अभद्रता भी की गई। शिकायत के बाद खुर्सीपार पुलिस ने आरोपी सर्वेश सिंह के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामला दीनदयाल उपाध्याय स्टेडियम, खुर्सीपार का है। 25 मई को क्रिकेट मैच चल रहा था। इसी दौरान आरोपी सर्वेश सिंह मैदान में पहुंचा और खिलाड़ियों के साथ अभद्र व्यवहार करने लगा। आरोप है कि उसने खुद को गृह मंत्री का ओएसडी बताते हुए खिलाड़ियों पर दबाव बनाने की कोशिश की। इस दौरान उसने खिलाड़ियों को डराया-धमकाया भी। घटना के बाद खिलाड़ियों और वहां मौजूद लोगों में नाराजगी फैल गई। मामले को लेकर जयप्रकाश नामक व्यक्ति ने 27 मई को खुर्सीपार थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि आरोपी लगातार अपना प्रभाव दिखाते हुए मैच में मौजूद खिलाड़ियों और अन्य लोगों को धमका रहा था।

पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू की। जांच के बाद आरोपी सर्वेश सिंह के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएसएस की धारा 170, 126 और 135(3) के तहत मामला दर्ज किया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। आरोपी जांजगीर-चांपा जिले का रहने वाला है। उसकी पहचान सर्वेश सिंह (38 वर्ष) निवासी नेताजी चौक लिंक रोड, थाना जांजगीर, जिला जांजगीर-चांपा के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी का उद्देश्य खुद को प्रभावशाली व्यक्ति बताकर खिलाड़ियों पर दबाव बनाना था। वह लगातार खुद को गृह मंत्री का ओएसडी बताकर लोगों को प्रभावित करने की कोशिश कर रहा था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
ऐप पर पढ़ें