छत्तीसगढ़रायगढ जिला

CG : मकान और राशन दुकान में हुई चोरी का खुलासा, ज्वेलर्स समेत तीन गिरफ्तार …

रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन में घरघोड़ा पुलिस को ग्राम नावापारा टेण्डा में हुई चोरी के आरोपियों को पकड़ने में बड़ी सफलता मिली है। गौरतलब है कि ग्राम नावापारा टेण्डा में 21-22 फरवरी 2026 की रात मकान और राशन दुकान में हुई चोरी के मामलों में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों और एक विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार कर चोरी की गई संपत्ति की शत-प्रतिशत बरामदगी की है। चोरी का जेवर खरीदने वाले ज्वेलर्स को भी गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

प्रकरण में 23 फरवरी को ग्राम नावापारा टेण्डा निवासी प्रार्थी मनीष महंत (22 वर्ष) द्वारा थाना घरघोड़ा में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि दिनांक 21 फरवरी 2026 को वह ड्यूटी पर गया था और घर में उसकी बहन व मामी मौजूद थीं। 21-22 फरवरी की रात अज्ञात व्यक्ति घर में घुसकर आलमारी में रखे एक नग सोने का फुली, एक जोड़ी चांदी का पायल और दो नग चांदी का बिछिया चोरी कर ले गया। रिपोर्ट पर थाना घरघोड़ा में अपराध क्रमांक 63/2026 धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

वहीं ग्राम नावापारा टेण्डा में संचालित संजय महाराज राशन दुकान के संचालक संजय शर्मा (50 वर्ष) द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि दिनांक 21 फरवरी को दुकान बंद कर घर चले गए थे और अगले दिन सुबह दुकान खोलने पर पीछे का दरवाजा टूटा हुआ मिला तथा दुकान के अंदर रखे साबुन, तेल, क्रीम, पेस्ट, हेयर ऑयल, शैम्पू, फेसवॉश, सीएफएल बल्ब, टिफिन बॉक्स सहित अन्य राशन सामग्री कुल कीमती लगभग 15,000 रुपये चोरी होना पाया गया। इस संबंध में अपराध क्रमांक 64/2026 धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई।

थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा माल मुल्जिम की पतासाजी के दौरान संदेह के आधार पर ओमप्रकाश अगरिया उर्फ चकदे (25 वर्ष) निवासी ग्राम नावापारा टेण्डा और एक विधि से संघर्षरत बालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों ने मकान और राशन दुकान में चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी ओमप्रकाश अगरिया ने चोरी की गई चांदी की पायल को बसीर कॉलोनी घरघोड़ा स्थित आर.जी. ज्वेलर्स के संचालक गौतम मंडल (40 वर्ष) को बेचना बताया, जिस पर पुलिस ने गौतम मंडल को भी गिरफ्तार किया।

आरोपी ओमप्रकाश अगरिया के मेमोरेंडम पर एक नग सोने का फुली और दो नग चांदी का बिछिया बरामद किया गया, वहीं विधि से संघर्षरत बालक से चोरी की संपत्ति बिक्री से प्राप्त 1000 रुपये बरामद किए गए। ज्वेलर्स गौतम मंडल से चोरी की गई एक जोड़ी चांदी का पायल बरामद किया गया। इसी प्रकार राशन दुकान से चोरी किया गया लगभग 15,000 रुपये का पूरा सामान आरोपी ओमप्रकाश अगरिया से बरामद कर जप्त किया गया। कुल मिलाकर दोनों मामलों में चोरी की गई लगभग 45,100 रुपये की संपत्ति की शत-प्रतिशत बरामदगी की गई है

मामले में धारा 3(5) बीएनएस भी जोड़ी गई है। प्रकरण में आरोपी (1) ओमप्रकाष अगरिया उर्फ चकदे पिता तुलसी राम अगरिया उम्र 25 वर्ष निवासी ग्राम नावापारा टेण्डा थाना घरघोड़ा जिला रायगढ़ (2) गौतम मंडल पिता बैद्यनाथ मंडल उम्र 40 वर्ष सा. ग्राम निश्चिंचपुर थाना दासपुर जिला मेदनीपुर (पश्चिम बंगाल) हा.मु. आर.जी. ज्वेलर्स बसीर कालोनी घरघोड़ा, थाना घरघोड़ा, जिला रायगढ़ (छ.ग.) तथा विधि से संघर्षरत बालक* को गिरफ्तार कर सक्षम न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

https://news.google.com/publications/CAAqKAgKIiJDQklTRXdnTWFnOEtEV3RoWkhkaFoyaDFkQzVqYjIwb0FBUAE?hl=hi&gl=IN&ceid=IN%3Ahi

lokesh sharma

Lokesh Sharma | Editor Lokesh Sharma is a trained journalist and editor with 10 years of experience in the field of journalism. He holds a BAJMC degree from Digvijay College and a Master of Journalism from Kushabhau Thakre University of Journalism & Mass Communication. He has also served as a Professor in the Journalism Department at Digvijay College. Currently, he writes on Sports, Technology, Jobs, and Politics for kadwaghut.com.