
CG : मेटापाल-1 में 20 जून को लगेगा जनकल्याणकारी योजनाओं का पंजीकरण शिविर
आयुष्मान, पीएम आवास, पीएम सूर्यघर सहित विभिन्न योजनाओं के लिए होगा पंजीयन, नागरिकों से अधिकाधिक लाभ लेने की अपील
दंतेवाड़ा, छत्तीसगढ़ शासन सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देशानुसार केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी तथा हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से विकासखंड दंतेवाड़ा के ग्राम मेटापाल-1 में 20 जून 2026, शनिवार को जिला स्तरीय पंजीकरण शिविर का आयोजन किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में अनुभाग स्तर पर 18 जून से 20 जून 2026 तक तीन दिवसीय पंजीकरण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में ग्राम मेटापाल-1 में आयोजित होने वाले शिविर के लिए अपर कलेक्टर राजेश पात्रे को नोडल अधिकारी तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत दंतेवाड़ा प्रदीप पटेल को सहायक नोडल अधिकारी नामित किया गया है।
इस शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनहितकारी योजनाओं के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों का पंजीयन एवं लाभ प्रदान करने की कार्यवाही की जाएगी। इनमें आयुष्मान भारत योजना, आयुष्मान वय वंदना योजना, पीएम सूर्यघर योजना, पीएम स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना तथा विभिन्न पेंशन योजनाएं प्रमुख रूप से शामिल हैं।
जिला प्रशासन ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया है कि शिविर में योजनाओं से संबंधित जानकारी, पंजीयन एवं आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें, ताकि पात्र नागरिकों को योजनाओं का लाभ सरलता एवं सुगमता से मिल सके। इस शिविर के सफल आयोजन एवं अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में मुनादी, कोटवारों के माध्यम से सूचना प्रसारित करने, स्थानीय समाचार पत्रों तथा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए व्यापक प्रचार-प्रसार किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे शिविर में पहुंचकर शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करें।



