छत्तीसगढ़

CG : विश्व सिकल सेल दिवस का हुआ आयोजन …

जागरूकता रैली निकालकर दिया सिकल सेल उन्मूलन का संदेश

अम्बिकापुर । विश्व सिकल सेल दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन माता राजमोहिनी देवी भवन, पीजी कॉलेज अंबिकापुर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा किया गया। कलेक्टर अजीत वसंत के निर्देशानुसार जिले के सभी विकास खंडों में सिकल सेल जागरूकता, स्क्रीनिंग, जांच एवं उपचार संबंधी गतिविधियों का संचालन किया गया।

कार्यक्रम में महापौर श्रीमती मंजूषा भगत, जनप्रतिनिधि श्रीमती नीलम, सिविल सर्जन सह अस्पताल अधीक्षक डॉ. जे.के. रेलवानी, नोडल अधिकारी सिकल सेल डॉ. शारदा भगत, डॉ. श्रीकांत सिंह चौहान सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं विभिन्न शासकीय एवं निजी नर्सिंग कॉलेजों के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान महापौर श्रीमती मंजूषा भगत एवं अतिथियों द्वारा जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इसके पश्चात पीजी कॉलेज से घंटी चैक तक नर्सिंग छात्राओं द्वारा जनजागरूकता रैली निकाली गई। महापौर ने सिकल सेल बीमारी के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर बल देते हुए विवाह पूर्व सिकल सेल जांच कराने की अपील की तथा हितग्राहियों को सिकल सेल कार्डों का शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सिविल सर्जन डॉ. जे.के. रेलवानी ने सिकल सेल को रक्त से संबंधित आनुवंशिक बीमारी बताते हुए लोगों से निःशुल्क जांच कराने का आग्रह किया। नोडल अधिकारी डॉ. शारदा भगत ने कहा कि समय पर जांच एवं उपचार से सिकल सेल प्रभावित व्यक्ति सामान्य जीवन जी सकता है तथा जागरूकता के माध्यम से बीमारी के प्रसार को नियंत्रित किया जा सकता है।

डॉ. श्रीकांत सिंह चौहान ने सिकल सेल उन्मूलन के लिए विवाह पूर्व काउंसलिंग एवं जांच के महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पी.एस. मार्को ने नियमित रक्तदान को सिकल सेल मरीजों के लिए जीवनदायी बताते हुए आमजन से रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की।

कार्यक्रम में शासकीय नर्सिंग कॉलेज, पुष्पेन्द्र नर्सिंग कॉलेज, व्ही केयर नर्सिंग कॉलेज, मदर टेरेसा नर्सिंग कॉलेज एवं पीकॉन संस्थान के छात्र-छात्राओं द्वारा केबीसी क्विज, भाषण प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक, रंगोली एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा जानकारी दी गई कि शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नवापारा में प्रत्येक सोमवार एवं शुक्रवार को विशेष सिकल सेल शिविर आयोजित किया जाता है तथा जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में सिकल सेल जांच की सुविधा उपलब्ध है।

lokesh sharma

Lokesh Sharma | Editor Lokesh Sharma is a trained journalist and editor with 10 years of experience in the field of journalism. He holds a BAJMC degree from Digvijay College and a Master of Journalism from Kushabhau Thakre University of Journalism & Mass Communication. He has also served as a Professor in the Journalism Department at Digvijay College. Currently, he writes on Sports, Technology, Jobs, and Politics for kadwaghut.com.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
ऐप पर पढ़ें