
राजनांदगांव : क्रिकेट स्पर्धा: महक नरवासे व कीर्ति का चयन सेंट्रल जोन में…
राजनांदगांव | बीसीसीआई द्वारा आयोजित अंतरराज्यीय सीनियर महिला क्रिकेट वनडे चैंपियनशिप में पहली बार छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ की टीम ने सेमीफाइनल में प्रवेश किया है।
छत्तीसगढ़ की टीम ने अपने समस्त सातों लीग मैच जीत कर एक शानदार रिकार्ड भी बनाया है। अपने ग्रुप में टॉप में रहने के कारण छत्तीसगढ़ की टीम ने नॉकआउट राउंड में मुंबई जैसी मजबूत टीम को हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया है।
26 फरवरी को सेमीफाइनल मैच खेला जाएगा। लीग मैचों में जिला क्रिकेट एसोसिएशन राजनांदगांव की महक नरवासे, नेहा बड़वाईक एवं कुमुद साहू ने शानदार प्रदर्शन कर छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ को यह सफलता दिलाने में अपना असरकारी योगदान दिया है।
राजनांदगांव की जूनियर महिला खिलाड़ी महक नरवासे के ऑलराउंड प्रदर्शन से बीसीसीआई ने दूसरी बार उन्हें सेंट्रल जोन की टीम के लिए चुना है। अगले महीने देश की पांचों जोन की टीमें वनडे क्रिकेट प्रतियोगिता की इस महत्वपूर्ण ट्रॉफी के लिए आपस में भिड़ेंगी।
जिला क्रिकेट एसोसिएशन राजनांदगांव के लिए यह अत्यंत ही गौरव का विषय है कि लगातार दूसरे साल महक नरवासे सेंट्रल जोन की टीम के लिए चुनी गई है। छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ की कप्तान कीर्ति गुप्ता भी महक नरवासे के साथ सेंट्रल जोन के लिए चुनी गई है।





