
Rajnandgaon: रास्ता रोककर युवती से छेड़छाड़, आरोपी गिरफ्तार
राजनांदगांव जिले के घुमका थाना क्षेत्र में छेड़छाड़ का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक युवक द्वारा युवती का पीछा कर उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की गई। मामले में घुमका पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 30 मार्च 2026 की है, जब पीड़िता अपने घर पर मौजूद थी। इसी दौरान आरोपी अजय दास मानिकपुरी (23 वर्ष), निवासी ग्राम भठली थाना साल्हेवारा, पीड़िता का पीछा करते हुए उसके घर तक पहुंच गया। आरोपी ने युवती को जबरदस्ती अपने साथ चलने के लिए कहा और गाली-गलौज करते हुए उसके हाथ-बांह पकड़कर शारीरिक संबंध बनाने का प्रयास किया।
पीड़िता द्वारा विरोध करने पर आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद पीड़िता ने अपने परिजनों को इसकी जानकारी दी और अगले दिन 31 मार्च को अपनी मां के साथ थाना घुमका पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं अनुविभागीय पुलिस अधिकारी डोंगरगांव मंजूलता बाज के निर्देशन में घुमका पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को ग्राम भठली से गिरफ्तार कर हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे 14 अप्रैल 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विजय मिश्रा, उप निरीक्षक कोदूराम नागवंशी सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


