
Rajnandgaon: अमोरा होटल में नशे में पहुंचे युवक ने की गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी देने का आरोप…
आईडी मांगने पर होटल कर्मचारी से मारपीट, युवक पर केस दर्ज
राजनांदगांव। शहर के लालबाग थाना क्षेत्र स्थित अमोरा होटल में आईडी मांगने पर होटल कर्मचारी से मारपीट और गाली-गलौज का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार लालबाग थाना को मोबाइल के माध्यम से सूचना मिली थी कि अमोरा होटल में एक युवक द्वारा होटल कर्मचारियों के साथ मारपीट की गई है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की। प्रारंभिक जांच में गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने की बात सामने आने पर मामला दर्ज किया गया।
शिकायतकर्ता रामजी मरकाम, निवासी घोटगांव थाना नगरी जिला धमतरी, वर्तमान में अमोरा होटल रेवाडीह में कर्मचारी के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि 14 जून 2026 की शाम करीब 4 बजे हर्ष रामटेके अपने दो साथियों के साथ होटल पहुंचा और कमरा मांगा। होटल की प्रक्रिया के अनुसार जब उनसे पहचान पत्र (आईडी) मांगा गया तो वह नाराज हो गया और विवाद करने लगा।
आवेदन के अनुसार स्थिति बिगड़ने पर कर्मचारी और उसके साथी ने उसे कमरा देने का निर्णय लिया, लेकिन लिफ्ट में आरोपी ने थप्पड़ मारकर मारपीट की। शिकायतकर्ता का आरोप है कि बाद में कमरे में एसी चालू करने के दौरान भी आरोपी ने मां-बहन की अशोभनीय गालियां दीं तथा जान से मारने की धमकी दी।
मारपीट में रामजी मरकाम के गाल और सीने में दर्द होने की शिकायत बताई गई है। पुलिस ने आरोपी हर्ष रामटेके के खिलाफ धारा 296, 115(1) एवं 351(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।



