
राजनांदगांव : प्रभारी मंत्री की मंजूरी, फिर टेंडर के बाद देंगे वर्क ऑर्डर…
राजनांदगांव , जीवन दीप समिति की बैठक में 11 अहम प्रस्तावों पर सहमति बनने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने अन्य प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी कर ली है। जिले के प्रभारी मंत्री गजेन्द्र यादव को प्रस्तावों पर सहमति फाइल सौंपने की तैयारी की गई है। उनकी मंजूरी के बाद सभी कामों पर स्वीकृति राशि जारी होगी।
इसके बाद टेंडर कर वर्क ऑर्डर जारी कर दिया जाएगा। इसमें डिजिटल एक्स-रे, सीटी स्कैन मशीन, आरओ वाटर प्लांट और अस्पताल के फायर फाइटिंग सिस्टम को मजबूती मिलेगी। जिला अस्पताल की स्वास्थ्य सुविधाओं को आधुनिक और मरीजों के लिए सुविधा जनक बनाने की दिशा में जीवनदीप समिति ने 11 प्रस्तावों पर सहमति दी है। सभी प्रस्तावित कार्यों की लागत 10 लाख रुपए से अधिक होने के कारण शासन स्तर की अनुमति जरूरी है। प्रस्तावों का उद्देश्य मरीजों को बेहतर जांच और इलाज सुविधा उपलब्ध कराने के साथ अस्पताल की सेवाओं को आधुनिक बनाना है। स्वीकृति प्राप्त होने पर तकनीकी अनुमोदन, निविदा और वर्क ऑर्डर जारी करने की कार्रवाई की जाएगी।
डिजिटल एक्स-रे और सीटी स्कैन मशीन जरूरी जिला अस्पताल में लंबे समय से डिजिटल एक्स-रे और सीटी स्कैन मशीन की जरूरत है। नई मशीनें लगने से मरीजों की निजी अस्पतालों पर निर्भरता कम होगी। जांच रिपोर्ट कम समय में मिल जाएगी। आरओ प्लांट से शुद्ध पेयजल व्यवस्था बेहतर होगी। फायर फाइटिंग सिस्टम की मरम्मत से सुरक्षा मानकों को मजबूती मिलेगी। प्रस्तावित कार्य होने के बाद जिला अस्पताल की सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले हजारों मरीजों को सीधा लाभ मिलेगा।

