छत्तीसगढ़राजनांदगांव जिला

राजनांदगांव : जिले का प्रदर्शन संतोषजनक स्कूलों ने दिखाया उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम…

राजनांदगांव , सीबीएसई ने 12वीं के नतीजे बुधवार को घोषित किए। इस बार परिणाम बेहतर रहे। इसकी वजह से छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह देखने मिला। सीबीएसई कक्षा 12वीं परीक्षा परिणाम 2025-26 में राजनांदगांव जिले के विभिन्न विद्यालयों का प्रदर्शन कुल मिलाकर संतोषजनक एवं उत्साहजनक रहा। जिले के प्रमुख सीबीएसई स्कूलों में इस वर्ष विद्यार्थियों ने उच्च पास प्रतिशत और अच्छे अंकों के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। विद्यालय-वार परिणामों के आधार पर यह स्पष्ट है कि जिले के अधिकांश स्कूलों में पास प्रतिशत 90 से 100 प्रतिशत तक रहा है। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए।

कई विद्यालयों में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की संख्या में भी वृद्धि देखी गई है, जिससे शैक्षणिक गुणवत्ता में निरंतर सुधार का संकेत मिलता है। विज्ञान, वाणिज्य एवं कला तीनों संकायों में विद्यार्थियों ने संतुलित प्रदर्शन किया है। शिक्षा विशेषज्ञों के अनुसार, इस वर्ष परिणामों में बेहतर प्रदर्शन का कारण नियमित अभ्यास, मॉक टेस्ट, व्यक्तिगत मार्गदर्शन और स्कूलों की अकादमिक रणनीति रही है। कुल मिलाकर राजनांदगांव जिले के सीबीएसई विद्यालयों का प्रदर्शन इस वर्ष स्थिर, सकारात्मक और प्रगति दर्शाने वाला रहा है, जो आगे और बेहतर परिणामों की उम्मीद जगाता है।

सीबीएसई 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम में युगांतर पब्लिक स्कूल का प्रदर्शन उत्कृष्ट रहा। इस वर्ष विद्यालय के 8 विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर विद्यालय एवं नगर का नाम रोशन किया है। वाणिज्य संकाय में यश जैन ने 96.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। चारूल नागेश्वर ने 95.6 प्रतिशत और आदर्श बैद ने 94.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर क्रमशः द्वितीय व तृतीय स्थान पाया। इसके अलावा सौम्या लोहिया (93.2%), यशस्वी रूंगटा (93%), श्रीया बैद (92.8%) और घनिष्ठा जैन (91.8%) ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। वाणिज्य संकाय का परीक्षा परिणाम 94 प्रतिशत रहा। वहीं विज्ञान संकाय में सौम्या देवांगन ने 92% अंक के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया। गुंजन बोथरा ने 88.2 प्रतिशत और वसुंधरा जैन ने 85.6% अंक हासिल किए।

एनबीआईएस बोरी की स्वर सांखला को 96.80% अंक नीरज बाजपेयी इंटरनेशनल स्कूल (एनबीआईएस) बोरी का सीबीएसई बारहवीं बोर्ड परीक्षा परिणाम शानदार रहा। इस वर्ष गणित संकाय से 51, विज्ञान से 48 तथा वाणिज्य संकाय से 100 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए। परीक्षा परिणाम में 10 विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक, 24 विद्यार्थियों ने 80 प्रतिशत से अधिक तथा 34 विद्यार्थियों ने 70 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए। विद्यालय की छात्रा स्वर सांखला ने 96.80 प्रतिशत अंक प्राप्त कर स्कूल में प्रथम स्थान हासिल किया। उन्होंने गणित और केमिस्ट्री में 99 तथा आईटी में 100 अंक प्राप्त किए। वेद राठी ने 94.20 प्रतिशत, आशी अग्रवाल ने 93.60 प्रतिशत, अन्वेषा चोपड़ा ने 91.20 प्रतिशत तथा अलिना फातिमा खान ने 90.80 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। ध्रुवी चौरड़िया ने 90.40 प्रतिशत अंक के साथ आईटी में 99 अंक हासिल किए।

संस्कार सिटी इंटरनेशनल स्कूल में श्रीति प्रथम रही शिक्षा के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुके संस्कार सिटी इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों ने सीबीएसई 12वीं बोर्ड परीक्षा (सत्र 2025-26) में एक बार फिर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। इस वर्ष विद्यालय का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा, जिसमें अधिकांश विद्यार्थी प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुए। वाणिज्य संकाय की श्रीति चन्द्राकर ने 94 प्रतिशत अंक प्राप्त कर सर्वोच्च स्थान हासिल किया। विज्ञान संकाय की टिया पारख ने 90 प्रतिशत तथा कला संकाय की शिवानी मिश्रा ने 88 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया। प्राचार्या रेखा तिवारी ने बताया कि पूरे वर्ष मॉक टेस्ट, डाउट क्लियरिंग सत्र और व्यक्तिगत काउंसलिंग के माध्यम से विद्यार्थियों को बेहतर तैयारी कराई गई, जिसका परिणाम उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम के रूप में आया।

डॉ. जे.बी. सिंह मेमोरियल सीनियर सेकेंडरी स्कूल के विद्यार्थियों ने सीबीएसई 12वीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। कला, विज्ञान और वाणिज्य तीनों संकायों में विद्यार्थियों ने बेहतर परिणाम हासिल किए। कला संकाय में देविका साहू ने 89.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। उनके साथ काव्य मरकाम, श्रेया गांधी और शैली अग्रहरी ने 80-80 प्रतिशत तथा अक्षरा झा ने 72 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। विज्ञान संकाय में आराध्य आलोक शर्मा ने 86 प्रतिशत अंक के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया।

lokesh sharma

Lokesh Sharma | Editor Lokesh Sharma is a trained journalist and editor with 10 years of experience in the field of journalism. He holds a BAJMC degree from Digvijay College and a Master of Journalism from Kushabhau Thakre University of Journalism & Mass Communication. He has also served as a Professor in the Journalism Department at Digvijay College. Currently, he writes on Sports, Technology, Jobs, and Politics for kadwaghut.com.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
ऐप पर पढ़ें