
राजनांदगांव : खेल, योगा व जुम्बा संग रंगारंग माहौल में मस्ती की पाठशाला का हुआ समापन…
राजनांदगांव , नगर पालिक निगम द्वारा नागरिकों के स्वस्थ मनोरंजन के लिए आयोजित की जा रही मस्ती की पाठशाला का रविवार को समापन हुआ। 7 सप्ताह के सफर के बाद भारी भीड़ के बीच रंगारंग ढंग से समापन किया गया।
3 मई से शुरू हुए इस अनूठे अभियान के समापन अवसर पर महापौर मधुसूदन यादव, कलेक्टर जितेन्द्र यादव और निगम अध्यक्ष टोपेन्द्र सिंह पारस वर्मा सहित भारी संख्या में शहरवासी सपरिवार मौजूद रहे। समापन समारोह को संबोधित करते हुए महापौर यादव ने कहा कि नागरिकों की मांग पर शुरू की गई इस पाठशाला में हर सप्ताह सुबह 6 बजे से ही बच्चे और बुजुर्ग पूरे उत्साह के साथ पहुंचते थे।
उन्होंने कहा कि 16 जून से नया शिक्षा सत्र प्रारंभ हो रहा है और मानसून का भी आगमन होने वाला है, जिसे देखते हुए इस सत्र की पाठशाला को विराम दिया जा रहा है। आगामी वर्षों में इसे और भी भव्य रूप में आयोजित किया जाएगा। महापौर ने आयोजन को सफल बनाने के लिए प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग देने वाली संस्थाओं, पार्षद साथियों, निगम के अधिकारियों-कर्मचारियों और यातायात पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।
रविवार की पाठशाला का आगाज़ योगाभ्यास के साथ हुआ। इसके बाद बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने पारंपरिक खेलों जैसे रस्साकसी, मटकी फोड़, रस्सी कूद, पिट्टूल, भौंरा, बैडमिंटन, सांप-सीढ़ी, कराटे और तीरंदाजी का जमकर लुत्फ उठाया। नन्हे-मुन्नों ने झूला, फिसलपट्टी और निशाना लगाने जैसे खेलों के साथ-साथ चित्रकला में अपनी प्रतिभा दिखाई, जिन्हें यामिनी कला केंद्र ने पुरस्कृत किया। जुम्बा डांस के दौरान छत्तीसगढ़ी और हिंदी गानों पर लोग अंत तक थिरकते नजर आए। खुद महापौर ने भी गाना गाए।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को पुरस्कृत किया गया समापन अवसर पर विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। इस दौरान महाकाल सेना और बड़े व्यापारिक संगठनों ने महापौर, आयुक्त व निगम अध्यक्ष का सम्मान किया। लोगों को चाय-बिस्किट बांटे गए। छत्तीसगढ़ डेंटल कॉलेज की ओर से नागरिकों की हेल्थ जांच कर काढ़ा वितरण भी किया गया।


