
राजनांदगांव : रानी लक्ष्मी बाई के आदर्शों पर चलने का लिया संकल्प…
डोंगरगांव , ग्राम पंचायत बम्हनी चारभांटा में मातृभूमि के लिए सर्वस्व न्यौछावर करने वाली महान योद्धा महारानी लक्ष्मीबाई के शहादत दिवस पर श्रद्धांजलि व सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष किरण रविन्द्र वैष्णव थीं। उपस्थित जनसमुदाय ने वीरांगना के बलिदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
अध्यक्षता छुरिया जनपद अध्यक्ष संजय सिन्हा ने की। विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत सभापति बिरम मंडावी, जनपद सदस्य उभय राम मंडावी, सेवा सहकारी समिति अध्यक्ष राजेश्वर धुर्वे, जिला कार्यकारिणी सदस्य मया राम साहू, केशोटोला सरपंच प्रतिनिधि भुखन धनकर, ग्राम बम्हनी चारभांटा के सरपंच मीना धुर्वे, ग्राम पटेल यादव दास वैष्णव, उप सरपंच भारत मंडावी, धर्मेन्द्र साहू, तोरणदास वैष्णव, ग्राम विकास समिति अध्यक्ष देवासुराम कुंजाम, आधार सिंह कुंजाम, राम चंद साहू, धुरू राम सेना, शिवलाल कोसमा सहित ग्रामीण उपस्थित थे।
राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं वैष्णव ने कहा कि लक्ष्मीबाई भारतीय इतिहास की ऐसी महान विभूति हैं जिन्होंने यह सिद्ध कर दिया कि देशभक्ति, आत्मसम्मान और साहस के सामने कोई भी शक्ति टिक नहीं सकती। कहा कि जब देश गुलामी की जंजीरों में जकड़ा हुआ था, तब महारानी लक्ष्मीबाई ने अंग्रेजी शासन के विरुद्ध संघर्ष का बिगुल फूंका और अपने प्राणों की आहुति देकर स्वतंत्रता की लड़ाई को नई दिशा दी। उनका जीवन त्याग, संघर्ष और राष्ट्र समर्पण का अनुपम उदाहरण है। महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेकर समाज व राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।



