DPR छत्तीसगढ समाचारधमतरी जिला

CG : जल जीवन मिशन से बदली पंडरवाही की तस्वीर, हर घर तक पहुंचा स्वच्छ पेयजल …

धमतरी : कभी पानी की एक-एक बूंद के लिए संघर्ष करने वाला नगरी विकासखंड का पंडरवाही ग्राम आज जल जीवन मिशन की बदौलत खुशहाली की नई इबारत लिख रहा है। अंगीरा ऋषि पर्वत की सुंदर वादियों और महानदी की सहायक बालका नदी के बीच बसे इस छोटे से गांव में अब हर घर के आंगन तक स्वच्छ पेयजल पहुंच रहा है। इससे न केवल ग्रामीणों की दैनिक परेशानियां दूर हुई हैं, बल्कि उनके जीवन स्तर में भी उल्लेखनीय सुधार आया है।

       94 परिवारों वाले पंडरवाही गांव में वर्षों तक स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सबसे बड़ी चुनौती थी। प्राकृतिक जल स्रोतों की मौजूदगी के बावजूद ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं और बच्चों को दूर-दराज के कुओं से पानी लाने के लिए घंटों मेहनत करनी पड़ती थी। गर्मी के दिनों में यह समस्या और गंभीर हो जाती थी। बाद में सौर ऊर्जा आधारित जल योजना शुरू की गई, लेकिन वह सभी परिवारों की जरूरतों को पूरी तरह पूरा नहीं कर सकी।

गांव की निवासी सुपेन बाई और सुशीला बाई बताती हैं कि पहले दिन का बड़ा हिस्सा केवल पानी की व्यवस्था में बीत जाता था। पानी लाने के कारण घरेलू कार्य प्रभावित होते थे और बच्चों की पढ़ाई पर भी असर पड़ता था। लेकिन जल जीवन मिशन के तहत घर-घर नल कनेक्शन मिलने के बाद परिस्थितियां पूरी तरह बदल गई हैं। अब उन्हें घर बैठे स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध हो रहा है। समय की बचत होने से महिलाएं घरेलू जिम्मेदारियों के साथ आयवर्धक गतिविधियों में भी भाग ले रही हैं, वहीं बच्चे नियमित रूप से स्कूल जाकर शिक्षा और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में शामिल हो रहे हैं।

गांव की जलापूर्ति व्यवस्था के सुचारू संचालन में पंप ऑपरेटर चुमन पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका है। वे प्रतिदिन निर्धारित समय पर मोटर पंप का संचालन कर ओवरहेड टैंक भरते हैं और पूरी जानकारी ष्मेरी पंचायतष् ऐप में दर्ज करते हैं। इसके अलावा पाइपलाइन एवं अन्य उपकरणों की नियमित निगरानी और आवश्यक मरम्मत भी सुनिश्चित करते हैं। उन्होंने अपना मोबाइल नंबर ग्रामीणों को उपलब्ध कराया है, जिससे किसी भी समस्या की सूचना तुरंत मिल जाती है और उसका त्वरित समाधान किया जाता है।

जल जीवन मिशन का प्रभाव केवल पेयजल उपलब्धता तक सीमित नहीं है। गांव में जलजनित बीमारियों में कमी आई है, स्वच्छता का स्तर बेहतर हुआ है और लोगों के स्वास्थ्य में सकारात्मक बदलाव देखने को मिले हैं। महिलाओं के श्रम में कमी आई है, बच्चों का भविष्य संवर रहा है और ग्रामीणों में बेहतर जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ी है।

आज पंडरवाही ग्राम इस बात का जीवंत उदाहरण है कि जब योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन और सामुदायिक सहभागिता साथ आती है, तो विकास की धारा वास्तव में जनजीवन को बदल सकती है। जल जीवन मिशन ने यहां केवल नल से जल नहीं पहुंचाया, बल्कि सम्मान, स्वास्थ्य, समय की बचत और सतत विकास की नई संस्कृति को भी स्थापित किया है। पंडरवाही की यह कहानी ग्रामीण विकास की दिशा में एक प्रेरक मॉडल बनकर उभर रही है।

lokesh sharma

Lokesh Sharma | Editor Lokesh Sharma is a trained journalist and editor with 10 years of experience in the field of journalism. He holds a BAJMC degree from Digvijay College and a Master of Journalism from Kushabhau Thakre University of Journalism & Mass Communication. He has also served as a Professor in the Journalism Department at Digvijay College. Currently, he writes on Sports, Technology, Jobs, and Politics for kadwaghut.com.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
ऐप पर पढ़ें