ब्रेकिंग न्यूज़

KGMU धर्मांतरण प्रयास मामला: विशाखा कमेटी की रिपोर्ट महिला आयोग को सौंपी, आरोपी रेजिडेंट डॉक्टर निलंबित

केजीएमयू प्रशासन ने धर्मांतरण प्रयास से जुड़े मामले की जांच रिपोर्ट राज्य महिला आयोग को सौंप दी है। यह रिपोर्ट विश्वविद्यालय की विशाखा कमेटी ने दोनों पक्षों की विस्तृत सुनवाई और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर तैयार की है। वहीं, राज्य महिला आयोग भी अपने स्तर पर इस पूरे मामले की जांच कर रहा है।

दरअसल, पैथोलॉजी विभाग की एक महिला रेजिडेंट डॉक्टर ने बीते 17 दिसंबर को कथित मानसिक उत्पीड़न से परेशान होकर नशीली गोलियां खाकर आत्महत्या का प्रयास किया था। हालत गंभीर होने पर उन्हें तुरंत ट्रॉमा सेंटर के आईसीयू में भर्ती कराया गया। इलाज के बाद उनकी तबीयत में सुधार हुआ और बाद में उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया।

जांच के दौरान केजीएमयू की विशाखा कमेटी ने आरोपी पुरुष रेजिडेंट डॉक्टर को दोषी पाया। इसके बाद कमेटी ने उसे निलंबित करने की सिफारिश की। केजीएमयू के प्रवक्ता डॉ. के.के. सिंह ने जानकारी दी कि विशाखा कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर आरोपी रेजिडेंट डॉक्टर को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही, उसे परिसर और हॉस्टल में प्रवेश से रोक दिया गया है, और शहर से बाहर जाने पर भी प्रतिबंध लगाया गया है।

वहीं पीड़िता की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उसे केजीएमयू परिसर में हॉस्टल आवंटित किया गया है। इसके अलावा, 24 घंटे महिला सुरक्षा गार्ड की तैनाती के निर्देश दिए गए हैं।

डॉ. सिंह ने बताया कि परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है। जल्द ही एआई तकनीक से लैस नए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। कैमरों के उपयुक्त स्थानों के चयन की जिम्मेदारी आईटी सेल को सौंपी गई है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पीड़िता की शिकायत और जांच के दौरान जुटाए गए सभी साक्ष्य राज्य महिला आयोग को भेज दिए गए हैं।

https://news.google.com/publications/CAAqKAgKIiJDQklTRXdnTWFnOEtEV3RoWkhkaFoyaDFkQzVqYjIwb0FBUAE?hl=hi&gl=IN&ceid=IN%3Ahi