छत्तीसगढ़राजनांदगांव जिला

Rajnandgaon: शादी समारोह में देर रात पहुंची पुलिस, जमकर हुआ हंगामा; युवक की हत्या से गांव में तनाव

डोंगरगढ़। राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ ब्लॉक अंतर्गत ग्राम रामाटोला में शादी समारोह के दौरान पुरानी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया। देर रात हुए विवाद और चाकूबाजी की घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक के घायल होने की जानकारी सामने आ रही है। मृतक की पहचान ग्राम रामाटोला निवासी 20 वर्षीय योमिश सिन्हा के रूप में हुई है।


प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले ग्राम सांखरा में आयोजित एक शादी समारोह के दौरान योमिश सिन्हा का कुछ युवकों से विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि इसी पुरानी रंजिश को लेकर रविवार देर रात रामाटोला में चल रहे एक अन्य शादी समारोह में आरोपियों ने युवक को घेर लिया। पहले उसके साथ मारपीट की गई, इसके बाद चाकू से हमला कर दिया गया। गंभीर चोट लगने से युवक की मौके पर ही मौत होने की बात सामने आ रही है।


घटना के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई। देर रात पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान गांव में जमकर हंगामे की स्थिति बनी रही। युवक की हत्या की खबर फैलते ही गांव में तनाव का माहौल बन गया। स्थिति को देखते हुए एहतियातन बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति को रोका जा सके।


फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। आरोपियों की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना से जुड़े सभी तथ्यों की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button