
दिल्ली में कल कई मार्ग रहेंगे बंद, बीटिंग रिट्रीट सेरेमनी के चलते ट्रैफिक डायवर्जन लागू
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गणतंत्र दिवस समारोह 2026 के अंतर्गत गुरुवार 29 जनवरी को विजय चौक पर बीटिंग रिट्रीट सेरेमनी आयोजित की जाएगी। इस अवसर पर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस द्वारा सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। सेरेमनी के दौरान राष्ट्रपति भवन, नॉर्थ ब्लॉक, साउथ ब्लॉक और संसद भवन की रोशनी के चलते आसपास के इलाकों में ट्रैफिक नियंत्रण रहेगा।
ट्रैफिक प्रतिबंध का समय
गुरुवार दोपहर 2 बजे से रात 9:30 बजे तक कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रतिबंध लागू रहेगा।
ये मार्ग रहेंगे बंद
- विजय चौक आम यातायात के लिए पूरी तरह बंद रहेगा।
- रफी मार्ग (गोलचक्कर सुनहरी मस्जिद से गोलचक्कर कृषि भवन के बीच)।
- रायसीना रोड (गोलचक्कर कृषि भवन से विजय चौक की ओर)।
- कर्तव्य पथ (विजय चौक से सी-हेक्सागन के बीच)।
- गोलचक्कर दारा शिकोह रोड, कृष्णा मेनन मार्ग और सुनहरी मस्जिद से विजय चौक की ओर जाने वाले मार्ग।
वैकल्पिक मार्ग
आम जनता और वाहन चालकों को रिंग रोड, रिज रोड, अरबिंदो मार्ग, सफदरजंग रोड, कमाल अतातुर्क मार्ग, रानी झांसी रोड, मिंटो रोड आदि वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी गई है।
बसों के लिए डायवर्जन
29 जनवरी को दोपहर 2 बजे से रात 9:30 बजे तक डीटीसी सहित अन्य सिटी बसों को उनके नियमित रूट से डायवर्ट किया जाएगा, जिससे समारोह स्थल और इंडिया गेट के आसपास ट्रैफिक जाम की स्थिति न बने।
पार्किंग व्यवस्था
विजय चौक क्षेत्र में दिल्ली ट्रैफिक पुलिस द्वारा बीटिंग रिट्रीट सेरेमनी के दौरान यातायात और पार्किंग व्यवस्था को लेकर आवश्यक प्रबंध किए गए हैं।
आम जनता के लिए सलाह
दिल्ली पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की जानकारी तुरंत नजदीकी पुलिसकर्मी को दें। असुविधा से बचने के लिए यात्रा की योजना पहले से बनाएं, पर्याप्त समय रखें और ट्रैफिक नियमों एवं पुलिस के निर्देशों का पालन करें। ट्रैफिक से संबंधित अपडेट दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की वेबसाइट, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और हेल्पलाइन नंबरों के माध्यम से प्राप्त किए जा सकते हैं।






