CG : ठेकेदार ब्लैकलिस्ट, निगम आयुक्त ने निविदा भी किया निरस्त …
रायगढ़। रायगढ़ में विकास कार्यों में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदार पर नगर निगम ने सख्त कार्रवाई की है। संजय मैदान विकास कार्य को तय समय सीमा में पूरा नहीं करने पर निगम आयुक्त ने ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट कर दिया है। साथ ही उसकी निविदा निरस्त कर जमानत राशि भी जब्त कर ली गई है। संजय मैदान के विकास कार्य में फेंसिंग, गेट निर्माण, पाथवे, नाली, विद्युत व्यवस्था, ग्राउंड मेकिंग और सिटिंग चेयर जैसे कार्य शामिल थे। इसके लिए कान्हा कंस्ट्रक्शन (प्रोपराइटर कन्हैया सोनी, सक्ती) को कार्यादेश जारी किया गया था। काम की समय-सीमा लगभग 5 महीने तय थी, लेकिन निर्धारित अवधि के बाद भी काम में कोई खास प्रगति नहीं हुई। नगर निगम ने ठेकेदार को 29 सितंबर 2025 को पहला नोटिस जारी किया था। इसके बाद दूसरा और अंतिम नोटिस भी भेजा गया, लेकिन इसके बावजूद कार्य में कोई सुधार नहीं हुआ। आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने ठेकेदार की निविदा तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दी। साथ ही अनुबंध की शर्तों के अनुसार उसकी जमा जमानत राशि भी राजसात कर ली गई।

