CG : मासूम पर कुत्ते का हमला, गंभीर रूप से घायल बच्चा अस्पताल में भर्ती …
बिलासपुर। शहर के देवरीखुर्द क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां स्कूल से लौटकर घर के बाहर खेल रहे नर्सरी के एक मासूम बच्चे पर आवारा कुत्ते ने हमला कर दिया। घटना में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, स्थानीय निवासी भूषण साहू और उनकी पत्नी मजदूरी का काम करते हैं। घटना के समय दोनों काम पर गए हुए थे और उनका छोटा बेटा घर पर मौजूद था। स्कूल की छुट्टी के बाद बच्चा घर के बाहर सड़क पर अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान मोहल्ले में घूम रहे एक आवारा कुत्ते ने अचानक बच्चे पर हमला कर दिया और उसे बुरी तरह नोंच लिया।
हमले से बच्चा जोर-जोर से रोने लगा, जिससे आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह उसे कुत्ते से बचाया। घटना के बाद परिजनों को सूचना दी गई और घायल बच्चे को तत्काल सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार बच्चे को शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई हैं और उसकी हालत पर निगरानी रखी जा रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोगों ने नगर निगम से आवारा कुत्तों पर नियंत्रण के लिए ठोस कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को खतरा बना हुआ है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से नियमित अभियान चलाकर आवारा कुत्तों को पकड़ने और सुरक्षित स्थान पर ले जाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
