
राजनांदगांव : दीपावली के बाद शहर की सफाई पर संकट वार्डों से कचरा नहीं उठा रहे हैं कर्मचारी…
राजनांदगांव. दीपावली के बाद शहर की सफाई व्यवस्था चरमरा गई थी। ठेका वाले वार्डों में सीमित कर्मचारियों को रखने की शिकायत है। शहर के बड़े वार्डों में तो दीपावली के बाद कचरा ही नहीं उठा है। इन शिकायतों के बाद महापौर मधुसूदन यादव व निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा ने शहर का मुआयना किया। वे गंज चैक, बालाजी मंदिर, हाट बाजार, उद्याचल के पास, मोहारा मेला स्थल सहित शहर के प्रमुख स्थानों पर सफाई की स्थिति का जायजा लेने निकले।
इस दौरान दोनों अधिकारियों ने सफाई में सुधार के लिए संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। हाट बाजार का निरीक्षण करते हुए महापौर यादव ने कहा कि यहां सब्जी और अन्य सामग्रियों की खरीददारी के कारण गंदगी रहती है। इसे ध्यान में रखते हुए हमें यहां नियमित सफाई सुनिश्चित करनी होगी।
सब्जी विक्रेताओं को भी उनकी दुकानों के आसपास सफाई रखने के लिए समझाइश दी जाए और कचरा गाड़ी में कचरा डालने की आदत डाली जाए। उन्होंने हाट बाजार में सफाई व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के लिए विशेष ध्यान देने की बात की, साथ ही कहा कि राज्योत्सव और छोटी दिवाली के मौके पर सफाई व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए।
इस दौरान पार्षद जैनम बैद और निगम के तकनीकी व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर शहर की सफाई व्यवस्था में सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाने का संकल्प लिया।
नहीं तो कार्रवाई की जाएगी
आयुक्त ने भी सख्त निर्देश दिए आयुक्त अतुल विश्वकर्मा ने हाट बाजार के शौचालयों की नियमित सफाई, पानी की उपलब्धता और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को सही रखने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने मुक्कड़ और मोहारा रोड की सफाई में सुधार करने के लिए भी कड़ी चेतावनी दी। आयुक्त ने यह भी कहा कि शहर में अतिक्रमण पर कड़ी कार्रवाई की जाए और जो भी लोग बिल्डिंग मटेरियल या मलमा चौराहों और सड़कों पर रखें, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।
विशेष अभियान चलाने कहा
आयुक्त ने यह भी सुनिश्चित किया कि शहर के प्रमुख स्थानों, जैसे स्टेट स्कूल मैदान, विधानसभा अध्यक्ष निवास, और जीई रोड के आस-पास सफाई व्यवस्था दुरुस्त की जाए, खासकर वीआईपी आगमन को ध्यान में रखते हुए। इसके अलावा, मोहारा मेला स्थल के शेष कार्य को शीघ्र पूरा करने के लिए प्रभारी कार्यपालन अभियंता प्रणय मेश्राम को निर्देशित किया गया।




