
Rajnandgaon : एक महीने बाद सड़क हादसे का खुलासा, अज्ञात बाइक चालक पर FIR दर्ज
घोरदा के पास घायल मिला था मजदूर, मर्ग जांच में सामने आई दुर्घटना की कहानी
राजनांदगांव। थाना लालबाग पुलिस ने एक सड़क दुर्घटना में हुई मौत के मामले में मर्ग जांच पूरी होने के बाद अज्ञात मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार 3 मई 2026 को महावीर कोल्ड स्टोरेज, घोरदा के पास विजय यादव (42 वर्ष), निवासी चिखली बांधा बाजार, थाना अंबागढ़ चौकी, बेहोशी की हालत में सड़क किनारे पड़े मिले थे। उन्हें स्थानीय लोगों की मदद से पहले प्राथमिक उपचार देने का प्रयास किया गया और बाद में डायल-112 के माध्यम से शासकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल पेंड्री ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मामले में थाना लालबाग में मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान घटनास्थल निरीक्षण, पंचनामा, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और गवाहों के बयान लिए गए। गवाहों ने बताया कि घटना के समय विजय यादव बस से उतरकर सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात मोटरसाइकिल चालक ने तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद विजय यादव सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
मर्ग जांच में दुर्घटना की पुष्टि होने पर पुलिस ने अज्ञात मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106(1) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस अब अज्ञात वाहन चालक और वाहन की पहचान करने में जुटी हुई है।
पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और आसपास के लोगों से पूछताछ कर दुर्घटना से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।

