
Rajnandgaon: सड़क हादसे में मजदूर की मौत, अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ अपराध दर्ज
कोल्ड स्टोरेज के पास बेहोशी की हालत में मिला था मृतक, मर्ग जांच में हुआ हादसे का खुलासा
राजनांदगांव। थाना लालबाग क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत के मामले में पुलिस ने अज्ञात मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 3 मई 2026 को महावीर कोल्ड स्टोरेज, घोरदा के सामने डोंगरगढ़-राजनांदगांव रोड किनारे विजय यादव (42 वर्ष), निवासी चिखली बांधा बाजार, थाना अंबागढ़ चौकी, बेहोशी की हालत में पड़े मिले थे। स्थानीय लोगों ने उन्हें उठाकर प्राथमिक सहायता दी और डायल 112 की मदद से शासकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल, पेंड्री पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मामले में थाना लालबाग में मर्ग कायम कर जांच की गई। जांच के दौरान घटनास्थल का निरीक्षण, पंचनामा, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और गवाहों के बयान लिए गए। गवाहों ने बताया कि घटना के समय विजय यादव बस से उतरकर सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात मोटरसाइकिल चालक ने तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर चोट लगने से विजय यादव बेहोश होकर सड़क पर गिर गए थे।
मर्ग जांच में यह तथ्य सामने आने के बाद पुलिस ने अज्ञात मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106(1) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस अब आरोपी चालक की तलाश में जुटी हुई है।



