
राजनांदगांव : जीएमसीसी ने टैक्स बार ए को हराया, रॉयल 11 की भी जीत…
राजनांदगांव , साइंस कॉलेज में टैक्स बार 11 के द्वारा सद्भावना क्रिकेट लीग का आयोजन किया जा रहा है। मंगलवार को यहां दो मुकाबले खेले गए। पहले मैच में जीएमसीसी कमला कॉलेज ने टैक्स बार ए को तीन विकेट से पराजित किया। जबकि दूसरे मैच में रॉयल इलेवन ने सीनियर क्रिकेट क्लब को पराजित किया। दोनों मैच रोमांचक रहे।
पहले मैच में टैक्स बार ए की टीम ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी की। उन्होंने निर्धारित 10 ओवर में 92 रन बनाए। इसमें विकास साहू ने 28, राकेश यादव ने 20, भावेश वाल्दे ने 13 और खोमेश साहू ने 10 रनों का योगदान दिया। जवाब में उतरी जीएमसीसी कमला कॉलेज की टीम की शुरुआत अच्छी रही। मन्नू चौबे ने 29 रन, चंद्रेश सिन्हा ने 25, हेमंत साहू ने 10 रनों का योगदान देकर अपनी टीम को जिता दिया। इस मैच में चंद्रेश सिन्हा को मैन ऑफ द मैच दिया गया। बुधवार को पहला मैच टैक्स बार बी व एमसीजी बी, सुबह 8 बजे से दूसरा मैच एनसीएल व एमसीजी ए के मध्य खेला जाएगा।
नरेश ने की शानदार गेंदबाजी दूसरे मैच में सीनियर क्रिकेट क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 72 रन बनाए। देवेश सिन्हा ने 18 रन, पीएस साहू ने 14, राहुल होलकर ने 11 रनों का योगदान दिया। रॉयल इलेवन की तरफ से नरेश आहूजा ने शानदार गेंदबाजी की और चार विकेट लिए। जवाब में उतरी रॉयल 11 की टीम की शुरुआत खराब रही। सोनू ने 17 रन, विजय ने 14, गौरव पंजवानी ने 18 और नरेश आहूजा ने 16 रन बनाकर अपनी टीम को 9 ओवर में जिताया।
