
राजनांदगांव : पीएम आशा: कुल 108 किसानों को 40 लाख 41 हजार का किया गया भुगतान…
राजनांदगांव , जिले में रबी मौसम फसल दलहन एवं तिलहन फसल का उत्पादन करने वाले किसानों का उत्पाद प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान के माध्यम से समर्थन मूल्य पर खरीदी करने के लिए कृषि सहित संबधित विभागों को किसानों का पंजीयन कार्य शीघ्र करने तथा व्यवस्था बनाकर खरीदी करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बाद जिले के 15 समितियों एवं एक एफपीओ स्वर्ण उपज स्वसहायता समूह द्वारा ग्राम सुकुलदैहान में पीएम आशा के तहत दलहन तिलहन फसलों की खरीदी की जा रही है।
दलहन-तिलहन फसलों के समर्थन मूल्य पर खरीदी के लिए जिले में प्राथमिक कृषि सहकारी समिति के 15 उपार्जन केन्द्रों तथा एक एफपीओ स्वर्ण उपज महिला किसान उत्पादक प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड सुकुलदैहान को अधिसूचित किया गया है। राज्य सरकार द्वारा नाफेड के माध्यम से दलहन एवं तिलहन फसलों की खरीदी की जा रही है, जिसके लिए समर्थन मूल्य सोयाबीन 5328 रुपए प्रति क्विंटल, अरहर 8000 प्रति क्विंटल तथा चना 5875 रुपए प्रति क्विंटल, मसूर 7000 रुपए प्रति क्विंटल एवं सरसों 6200 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है।
उपसंचालक कृषि टीकम सिंह ठाकुर ने बताया है दलहन तिलहन खरीदी के लिए पंजीयन की अंतिम तिथि 20 अप्रैल तक जल्द से जल्द योजनांतर्गत पंजीयन करा कर लाभ प्राप्त करें। स्कीम में किसानों का पंजीयन एकीकृत किसान पोर्टल एवं नाफेड द्वारा संचालित ई-समृद्धि पोर्टल माध्यम से दलहन एवं तिलहन फसलों की खरीदी की जा रही है।



