
राजनांदगांव : दोपहर में पेट्रोल पंप सूखे रहे शाम को स्टॉक आते ही कतार…
राजनांदगांव , नेशनल हाइवे और शहर के कई पेट्रोल पंपों में पेट्रोल-डीजल नहीं मिलने के कारण वाहन चालकों की परेशानी बढ़ गई है। सोमवार दोपहर महावीर चौक, चिखली और नेशनल हाइवे के किनारे कई पंपों में पैट्रोल का स्टाक नहीं पहुंच पाया था। इस कारण वाहन चालक एक से दूसरे और दूसरे से तीसरे पंप का चक्कर काटते रहे। इसमें उनके पहले से वाहन में डले ईंधन और समय की बर्बादी हुई। माह भर से शहर के पंपों में इस तरह की समस्या बनी हुई है। प्रशासन पर्याप्त होने का दावा कर रहा है।
पेट्रोल पंप संचालकों ने स्टॉक नहीं पहुंचने की जानकारी दी। वहीं पंपों में पेट्रोल-डीजल नहीं होने की सूचना चस्पा करनी पड़ी। शाम को स्टॉक आने पर कई पंपों में वाहन चालकों की लंबी कतारें लग गई। कोई ज्यादा मात्रा में पेट्रोल-डीजल डलवाने लगा तो किसी ने बोतल में ईंधन भर लिया। एक बार फिर लोगों में पेट्रोल-डीजल का जिले में कम स्टॉक होने जैसी अफवाह की स्थिति बनी रही। खाद्य अधिकारी रविन्द सोनी का कहना है कि जिले में पर्याप्त स्टॉक है। किसी पंप में स्टॉक नहीं पहुंचा होगा इस कारण ऐसी स्थिति बनी होगी।



