छत्तीसगढ़राजनांदगांव जिला

Rajnandgaon: खेत में काम कर रहीं महिलाओं पर मधुमक्खियों का हमला – दो की मौत, छह घायल

Oplus_16908288

सुबह 9 बजे बजरंगपुर नवागांव में हुआ दर्दनाक हादसा, इलाके में दहशत का माहौल

राजनांदगांव। शहर के बजरंगपुर नवागांव वार्ड में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ, जब खेत में काम कर रहीं महिलाओं पर अचानक मधुमक्खियों का बड़ा झुंड टूट पड़ा। इस हमले में एक महिला और एक पुरुष की मौत हो गई, जबकि पांच महिलाएं और एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

घटना रविवार सुबह करीब 9 बजे की है, जब वार्ड निवासी सुशीला देवांगन, पार्वती साहू, माया डोंगरे, सुनीता यादव और सुमित्रा साहू रोज़ की तरह खेत में काम करने पहुंची थीं। बताया गया कि जब महिलाएं खेत में टिफिन निकालकर नाश्ता कर रही थीं, तभी मधुमक्खियों का एक बड़ा झुंड अचानक उन पर हमला कर बैठा।

हमले के दौरान पास में ही मौजूद शिव यदु और उनका बेटा भी चपेट में आ गए। मधुमक्खियों के हमले से मौके पर चीख-पुकार मच गई, लेकिन आसपास कोई मदद नहीं मिल सकी।

❖ दो लोगों की मौत, छह घायल

घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मधुमक्खियों के झुंड के हटने के बाद घायलों को किसी तरह बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने शिव यदु और सुशीला देवांगन को मृत घोषित कर दिया, जबकि माया डोंगरे, सुमित्रा साहू, सुनीता यादव, पार्वती साहू और शिव यदु के पुत्र का इलाज जिला चिकित्सालय और मेडिकल कॉलेज में जारी है। उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

❖ वार्ड पार्षद ने की पुष्टि

वार्ड पार्षद राजा तिवारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि यह घटना बेहद दर्दनाक और अप्रत्याशित थी। ग्रामीणों ने बहादुरी दिखाते हुए घायलों को बचाया, वरना और भी बड़ा नुकसान हो सकता था।

Related Articles

Back to top button
ऐप पर पढ़ें