
राजनांदगांव के नवागांव में खूनी खेल… एक की हत्या, एक गंभीर घायल… गुस्साए लोगों ने कार में लगाई आग… पूरे इलाके में तनाव, भारी पुलिस बल तैनात!
राजनांदगांव जिले के चिखली थाना क्षेत्र के नवागांव में लगातार दूसरी रात भी खून-खराबे की घटनाओं से माहौल गरमा गया है। बीती रात एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई, वहीं एक अन्य युवक अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। वारदात से गुस्साए लोगों ने सड़क पर जमकर बवाल मचाया और एक वाहन को आग के हवाले कर दिया।
राजनांदगांव के नवागांव में तनाव उस वक्त बढ़ गया जब 45 वर्षीय राकेश ढीमर पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। हमले में राकेश की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरे युवक को बुरी तरह पीटा गया और तीसरे युवक के सिर पर धारदार हथियार से वार किया गया, जिसकी हालत फिलहाल नाजुक बताई जा रही है।
घटना के बाद गुस्साई भीड़ ने एक कार में आग लगा दी। देखते ही देखते पूरे इलाके में तनाव फैल गया। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा और भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा।
पुलिस के मुताबिक विवाद की जड़ और हमलावरों की तलाश की जा रही है। फिलहाल मामले की गंभीरता को देखते हुए आसपास के इलाकों में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और पुलिस लगातार गश्त कर रही है।
लगातार दूसरी रात इस तरह की घटनाओं से नवागांव और आसपास के लोगों में दहशत का माहौल है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और स्थिति पर कड़ी नजर बनाए हुए है।
यह भी पढ़ें : Rajnandgaon: गणेश विसर्जन में चाकूबाजी: पुलिस ने दो आरोपी और दो नाबालिग पकड़े, चाकू बरामद






