
मोहला : एनएमएमएसई की तैयारी, 67 माध्यमिक शालाओं के प्रभारी शिक्षकों ने ली ट्रेनिंग…
अंबागढ़ चौकी , विकासखंड अंबागढ़ चौकी (जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी) के शिक्षा विभाग द्वारा एनएमएमएसई 2026 की तैयारी के लिए कार्यशाला का आयोजन विकासखंड स्रोत केंद्र में किया गया। यह कार्यशाला बीआरसी संतोष कुमार पांडे के मार्गदर्शन में आयोजित हुई, जिसमें क्षेत्र की 67 माध्यमिक शालाओं के एनएमएमएस प्रभारियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। मुख्य वक्ता व विषय विशेषज्ञ हाईस्कूल नवागांव प्राचार्य खोमलाल वर्मा ने कार्यशाला के दौरान एनएमएमएस परीक्षा के जटिल सिलेबस को समझाया।
उन्होंने शिक्षकों को मानसिक योग्यता और शैक्षणिक योग्यता से जुड़े कठिन प्रश्नों को हल करने के आसान तरीके सिखाए, ताकि स्कूलों में छात्रों को बेहतर मार्गदर्शन प्राप्त हो सके। कार्यशाला में बीईओ एसके धीवर ने शिक्षकों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि शिक्षकों का समर्पण ही ग्रामीण मेधावी छात्रों के भविष्य की नींव है। हमारा लक्ष्य केवल परीक्षा पास कराना नहीं, बल्कि छात्रों का सर्वांगीण विकास करना है। बीआरसी ने बताया कि कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के मेधावी छात्रों को छात्रवृत्ति के प्रति जागरूक कर उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए सशक्त बनाना है। अंत में सभी शिक्षकों से कहा किया कि वे अपनी-अपनी शालाओं में छात्रों को इसके लिए नियमित अभ्यास करवाएं।
