
राजनांदगांव : आज व कल अंधड़ चलने और बारिश होने के आसार, 23 से फिर चढ़ेगा पारा…
राजनांदगांव , भीषण गर्मी के बीच मौसम में बदलाव हुआ है। मंगलवार सुबह आसमान में बादल छाए रहें। सुबह कई हिस्सों में तेज अंधड़ भी चली। इससे गर्मी से कुछ राहत की स्थिति रही। मौसम विभाग ने दो दिन मौसम इसी तरह बने रहने की संभावना है। इसके बाद तापमान में वृद्धि का क्रम फिर शुरु होगा।
मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि एक पश्चिमी विक्षोभ,एक द्रोणिका और प्रति चक्रवात का सिस्टम अलग-अलग हिस्से में सक्रिय है। इसके चलते मौसम में बदलाव हो रहा है। छग के कई जिलों में अंधड़ चलने और हल्की बारिश का अनुमान है। राजनांदगांव जिले के कई हिस्सों में इस सिस्टम् का असर होगा। 21 व 22 अप्रैल को तेज हवा के साथ हल्की बारिश की स्थिति बन सकती है। गरज चमक के साथ वज्रपात की भी संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान में हल्की गिरावट संभावित है। इसके बाद 23 अप्रैल से अधिकतम तापमान में वृद्धि का दौर प्रारंभ होगा। तापमान में 2 से 3 डिग्री तक बढोतरी होगी।
3 डिग्री गिरा अधिकतम तापमान, उमस बढ़ने लगी दो दिनों में अधिकतम तापमान में 3 डिग्री की गिरावट दर्ज हुई है। मंगलवार को दिन का तापमान 42 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं आसमान में बादल भी छाए रहे। इससे गर्मी से कुछ राहत मिली, लेकिन शाम के वक्त उमस ने परेशान किया। इसके पहले तापमान का स्तर 45 डिग्री तक पहुंच गया था। मौसम साफ होने के बाद तापमान में तेजी से बढ़ोतरी की प्रबल संभावना है।इधर हास्पिटल में लू के मरीजों के लिए अलग से वार्ड भी तैयार किया गया है।


