छत्तीसगढ़राजनांदगांव जिला

आधी रात टाल में आग, दमकल वाहन आने तक जल गए आधे बांस

राजनांदगांव। सोमनी से लगे ग्राम मनकी में हाईवे किनारे स्थित खंडेलवाल बांस टाल में आधी रात आग लग गई। आग टाल में जमे बांस पर लगी। इसलिए लपटें इतनी तेजी से बढ़ीं कि टाल के चौकीदार को भी पता नहीं चला। अचानक आग की लपटों को देख वहां के कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद राजनांदगांव दमकल वाहन बुलाया गया। आग की लपटें इतनी अधिक थीं कि दमकल कर्मी भी काबू नहीं कर पाए। इस कारण भिलाई से भी दमकल वाहन बुलाया गया। तीन से चार घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।आगजनी की घटना दरमियानी रात साढ़े 12 से एक बजे के बीच की है। जब बांस टाल में धुंआ के साथ बांस में आग की लपटें उठी। हाईवे से गुजरने वाले लोगों ने बांस में आग देखकर आवाज लगाई। तब वहां के कर्मचारियों को आगजनी की खबर लगी। इसके बाद कर्मचारियों ने पुलिस को टाल में आग लगने की सूचना दी। पुलिस ने राजनांदगांव में दमकल वाहन को खबर दी, जिसके बाद मौके पर दमकल वाहन पहुंची। करीब घंटेभर दमकल कर्मी आग को बुझाने मशक्कत करते रहे, लेकिन आग की लपटें इतनी तेज थी कि दमकल कर्मी बुझा नहीं पाए। आग की तेज लपटों को देख पुलिस ने दुर्ग-भिलाई के दमकल कर्मियों को सूचना देकर बुलाया। रात करीब दो बजे भिलाई से दमकल वाहन मौके पर पहुंची। इसके बाद तीन से चार घंटे की मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक आग की तेज लपटों में टाल पर रखी बांस व बल्लियां जलकर राख हो चुकी थी। बताया गया कि आगजनी की घटना में टाल मालिक को लाखों का नुकसान हुआ है। घटना पर सोमनी थाना प्रभारी शिवेंद्र राजपूत ने कहा कि अभी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है। बांस टाल के मालिक को बुलाया गया है। आगजनी में कितने का नुकसान हुआ है और आग कैसे लगी। यह जांच का विषय है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा।

advertisement
advertisement
advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button