देश

बिना प्रशिक्षण विनोद और श्याम ने फतह कर ली 6100 मीटर ऊंची यूनम चोटी

पर्वतारोहण में बिना किसी बेसिक प्रशिक्षण के दो सरकारी कर्मचारियों ने यूनम चोटी को फतह कर लिया। हिमाचल और लद्दाख की सीमा पर स्थित समुद्रतल से 6100 मीटर ऊंची यूनम चोटी पर बिना बेसिक प्रशिक्षण लिए ही चढ़ने वाले यह पहले पर्वतारोही बन गए हैं। 

डीसी कार्यालय केलांग में लिपिक के पद पर तैनात श्याम रगडू और विनोद कुमार ने जुनून और हौसले के दम पर यूनम पीक को फतह किया। अटल बिहारी पर्वतारोहण संस्थान जिस्पा के तत्वावधान में इन दोनों कर्मचारियों ने 11 जुलाई सुबह करीब साढ़े नौ बजे यूनम पीक को फतह कर तिरंगा लहराया। श्याम रगडू आनी के कोहिला गांव के रहने वाले हैं।

विनोद कुमार मंडी के बरोट से हैं। दोनों तीन साल से उपायुक्त कार्यालय केलांग में तैनात हैं। यूनम पीक का बेस कैंप केलांग से करीब 70 किमी दूर लेह की तरफ है। 10 जुलाई को उन्होंने पर्वतारोहण संस्थान के अनुदेशकों के साथ अपना अभियान शुरू किया।

श्याम और विनोद ने बताया कि दूसरे दिन आधी रात दो बजे टीम के साथ समिट कैंप से यूनम पीक के लिए चढ़ाई शुरू की। अंधेरे में लगभग साढे़ सात घंटे चढ़ाई चढ़कर सुबह साढे़ नौ बजे यूनम पीक को फतह किया। 

डीसी नीरज कुमार ने यूनम पीक फतह करने के लिए दोनों कर्मचारियों की पीठ थपथपाई है। उन्होंने कहा कि बिना किसी बेसिक प्रशिक्षण के इतनी ऊंची चोटी को फतह करना आसान नहीं। पर्वतारोहण संस्थान के अनुदेशक मोहन लाल ने बताया कि भरतपुर बेस कैंप से 10 जुलाई सुबह अभियान शुरू किया था।

लगभग चार घंटे की चढ़ाई के बाद समिट कैंप पहुंचे। समिट कैंप समुद्रतल से 5200 मीटर की ऊंचाई पर है। दल में कुल 16 लोग शामिल थे। इनमें से 14 लोग पर्वतारोहण पर बेसिक कोर्स कर चुके हैं। श्याम और विनोद ही दो ऐसे पर्वतारोही थे, जिन्होंने बेसिक कोर्स नहीं किया है। 

advertisement
advertisement
advertisement
advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button