देश

भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्रदेव बोले: पहले दो ही रोटी खाता था किसान, अब पत्नी की शक्ल देखकर ज्यादा खाता है

बलिया के टीडी कॉलेज के मैदान से रविवार को भाजपा गोरक्ष प्रांत की जनविश्वास यात्रा की शुरुआत हुई। जैसे ही मंच पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह पहुंचे तो कार्यकर्ताओं का उत्साह चरम पर पहुंच गया। मंच से स्वतंत्रदेव सिंह ने सपा और अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा।

उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव प्रदेश के लिए अनुपयोगी हैं। पहले किसान शाम में घर पहुंचता था तो घर में अंधेरा रहता था। उसे पत्नी की शक्ल नहीं दिखती थी। इसलिए वो दो रोटी ही खाता था। आज किसान शाम को घर पहुंचता है तो उसके घर पर उजाला रहता है।  पत्नी की शक्ल देख कर वो छह रोटी खाता है। कहा कि अखिलेश प्रदेश में गुंडाराज लाना चाहते हैं। योगी राज में मुख्तार अंसारी जैसे माफिया जेल में हैं। अतीक के घर पर बुलडोजर चल रहा है।

चाय बेचने वाला बना प्रधानमंत्री
स्वतंत्रदेव सिंह ने कहा कि एक चाय बेचने वाला प्रधानमंत्री बना और अपने घर के लोगों को नहीं झोपड़पट्टी वाले को आवास दिया। पांच लाख के मुफ्त इलाज के लिए आयुष्मान कार्ड बनवाया। पीएम ने वाल्मीकि समाज के सफाईकर्मियों के पैर धोकर उन्हें सम्मान दिया।

मंच पर कैबिनेट मंत्री दारा सिंह चौहान, राज्य मंत्री उपेंद्र तिवारी, आनंद स्वरूप शुक्ला, जयप्रकाश निषाद, सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त, रविंद कुशवाहा के साथ ही भाजपा के प्रदेश और गोरक्ष प्रांत के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
जनविश्वास यात्रा 61 विधानसभा में जाएगी

एमपी के सीएम  शिवराज सिंह चौहान विमान से वाराणसी के बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचे। वहां से हेलीकॉप्टर से अपने निर्धारित कार्यक्रम दोपहर साढ़े 12 बजे से 40 मिनट देर से 1.10 बजे पुलिस लाइन  में बनाए गए हेलीपैड पर पहुंचे। इसके साथ ही प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह भी थे। यहां से 1.15 बजे टीडी कॉलेज में बनाए गए मंच पर पहुंचे।

यात्रा के स्वागत को लेकर रोडवेज, टीडी कॉलेज चौराहा, कुंवर सिंह चौराहा, मिड्ढी, एनसीसी तिराहा के साथ ही यात्रा मार्ग को होर्डिंग्स, पोस्टर, बैनर आदि से सजाया गया है। शहर में जगह-जगह तोरण द्वार भी बनाए गए हैं। 
बलिया से निकलने वाली यात्रा गोरक्ष प्रांत के 61 विधानसभा में जाएगी। 20 दिसंबर को यात्रा बांसडीह विधानसभा क्षेत्र के सुखपुरा, इसके बाद फेफना विधानसभा के पचखोरा में पहुंचेगी। सिकंदरपुर, बेल्थरारोड होते हुए रसड़ा विधानसभा क्षेत्र कवर करते हुए मऊ के लिए प्रस्थान करेगी। यात्रा में बस्ती के सांसद हरीश द्विवेदी, क्षेत्रीय अध्यक्ष डा.धर्मेंद्र सिंह, प्रदेश प्रवक्ता आनंद दुबे भी मौजूद रहे।

advertisement
advertisement
advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
SQLSTATE[08004] [1040] Too many connections