मध्य प्रदेश

सिरफिरे ने कुल्हाड़ी से दो चाचाओं की हत्या, बड़ी मां और चाची पर भी हमला किया

सागर

सागर में एक सिरफिरे ने अपने ही दो चाचा की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। घटना केसली थानांतर्गत नयागांव बम्होरी की है। बचाने आई चाची, बड़ी मां और रास्ते में मिले टीचर पर भी उसने कुल्हाड़ी से हमला किया। तीनों गंभीर रूप से घायल हाे गए। उनका इलाज चल रहा है। आरोपी कुछ दिन से गांव में अजीब हरकतें कर रहा था।

वारदात के बाद आरोपी गांव से भाग गया। गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक तिवारी ने बताया कि दोहरे हत्याकांड के पीछे काेई तात्कालिक वजह अभी तक सामने नहीं आई। आरोपी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। उसकी तलाश चल रही है। पुलिस टीमें रवाना की हैं।

पुलिस के अनुसार सोमवार की शाम 6 बजे नयागांव निवासी 28 वर्षीय राव साब पिता रम्मू यादव कुल्हाड़ी लेकर निकला। अपने चाचा सुखराम और जीवन पर हमला कर दिया। कुल्हाड़ी से उसने एक के बाद एक कई वार किए। इससे दोनों की माैके पर ही माैत हाे गई। इसके बाद भी वह नहीं रुका।

चीख पुकार सुनकर बाहर आई चाची कैलाशरानी और बड़ी मां सरोजरानी पर भी उसने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। यहां से जाते वक्त रास्ते में मिले शिक्षक रवि गौंड़ के हाथ में कुल्हाड़ी मार दी। इसके बाद वह गांव से कहीं चला गया। सूचना पर केसली पुलिस गांव पहुंची। देर रात तक उसकी तलाश चल रही थी। वारदात के डर से गांव में पुलिस बल तैनात किया गया था।

जाे सामने आया, उस पर हमला, छत पर जाकर बचाई जान

सिरफिरे के सामने जाे आता उस पर हमला कर रहा था। मृतकों के अन्य परिजन ने छत पर जाकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद से नयागांव में दहशत का माहौल है। आरोपी की पत्नी और 2 बच्चे हैं। मानसिक संतुलन बिगड़ने के कारण वह कुछ दिनाें से गांव में उत्पात मचा रहा था। लाेगाें के मोबाइल छीन रहा था। एसडीओपी पूजा शर्मा पुलिस बल के साथ देर रात तक आरोपी की तलाश करती रहीं।

 

advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button