छत्तीसगढ़

बारात निकलने से पहले दूल्हा फरार

राजनांदगांव। घर में बेटे के शादी को लेकर पूरा परिवार खुशियों में झूम रहा था। तेल मायन के बाद बारात की तैयारी हो रही थी। बैड-बाजा वाले भी पहुंच गए थे। वहीं बारात के लिए सभी रिश्तेदार तैयार हो रहे थे। इस बीच दूल्हा टोमन सिन्हा घर में बिना किसी को बताए फरार हो गया।

यह मामला अंबागढ़ चौकी से करीब पांच किमी दूर ग्राम भनसुला का है। जहां से दूल्हा टोमन सिन्हा की बारात गैंदाटोला से लगे जोशीलमती जाने वाली थी। लेकिन अचानक दूल्हे के फरार होने से घर में चल रही शादियां की खुशियों पर ब्रेक लग गई। शुक्रवार को परिवार वालों ने अंबागढ़ चौकी पुलिस थाना पहुंचकर बेटे के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके बाद रिश्तेदारों के साथ पुलिस की टीम भी फरार दूल्हे को तलाश रही है।

कोरोना संक्रमण के थमने के बाद जिले में शादियों का मुहुर्त चल रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी शादियों का दौर चल रहा है। इसी तरह ही अंबागढ़ चौकी से लगे ग्राम भनसुला में भी सिन्हा परिवार में शादी का कार्यक्रम चल रहा था। पूरे परिवार के साथ रिश्तेदार शादी की खुशियों में थे। सिन्हा परिवार में दो दिन पहले ही शादी शुरू हुई थी। बेटे की शादी को लेकर घरवाले उत्साहित थे, लेकिन ऐन बारात के पहले ही दूल्हा टोमन सिन्हा फरार हो गया। बारात निकलने के समय जब परिवार के लोग टोमन को तैयार करने के लिए देखे तो वो घर पर नहीं था।

इसको लेकर परिवार और रिश्तेदारों के होश उड़ गए। गांव के साथ आसपास गांवों में भी रिश्तेदारों ने उसकी खोजबीन की। लेकिन दूल्हे टोमन का कहीं पता नहीं चला। रातभर परिवार वाले टोमन को ढूंढते रहे। सुबह तक भी टोमन घर नहीं लौटा तो घरवालों ने अंबागढ़ चौकी थाना पहुंचकर उसके लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।

तैयारियों में रह गए घरवाले

दूल्हे टोमन की बारात गैंदाटोला के जोशीलमती में जाने वाली थी। बीते मंगलवार से टोमन की शादी शुरू हुई। चुलमाटी और मायन के बाद गुरुवार को टोमन की बारात जोशीलमती गांव जाने वाली थी, तभी बारात निकलने से पहले गुरुवार सुबह टोमन घर से फरार हो गया। टोमन के फरार होने की बात पहले तो घरवाले को नहीं पची। क्योंकि सभी खुशियों में थे। लेकिन जब टोमन पूरे घर में नहीं मिला।

राजनांदगांव में मिला टोमन का लोकेशन

शुक्रवार को टोमन के घरवाले उसके लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराने अंबागढ़ चौकी थाना पहुंचे। यहां परिवार वालों की रिपोर्ट पर पुलिस ने टोमन के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज की। इसके बाद रिश्तेदारों और परिवारवालों के साथ पुलिस ने भी दूल्हे टोमन की खोजबीन शुरू की। पुलिस ने टोमन के मोबाइल फोन का लोकेशन ट्रेस किया, जिसमें टोमन का आखिरी लोकेशन राजनांदगांव के पोस्ट आफिस चौक के पास मिला है। अंबागढ़ चौकी थाना प्रभारी कार्तिकेश्वर जांगडे ने कहा कि बेटे के लापता होने की रिपोर्ट स्वजनों ने दर्ज कराई है। घरवालों का बयान लिया जाएगा। टोमन को लोकेशन राजनांदगांव में मिला था। इसको लेकर बस स्टैंड व रेलवे स्टेशन सहित अन्य जगहों पर सीसीटीवी फूटेज चेक कर रहे हैं।

advertisement
advertisement
advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button