गायत्री विद्यापीठ के विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किया अनुकरणीय उदाहरण – पृथ्वी दिवस भी मनाया गया
![](https://www.kadwaghut.com/wp-content/uploads/2022/04/earth-day-4-780x470.jpeg)
राजनांदगांव। शिक्षा व संस्कार के क्षेत्र में अग्रणी गायत्री विद्यापीठ में आज विद्यार्थियों ने अपनी सूझबूझ का परिचय देते हुए भीषण गर्मी की त्रासदी झेलते विद्यालय परिसर के आसपास के क्षेत्रों में और वात्सल्य निकेतन जाकर पशुओं को चारा, पानी अपने हाथों से खिलाया। कई विद्यार्थियों ने अपने घरों से रोटी, अनाज आदि लाकर पशु-पक्षियों को शिक्षकों के मार्गदर्शन में खिलाया। मनुष्य के समान ही से मुक प्राणी सुरक्षा, सुविधा के हकदार होते हैं, जिन्हें हम अपने छोटे-छोटे प्रयासों से दूर कर सकते हैं।
![](https://www.kadwaghut.com/wp-content/uploads/2022/04/earth-day-1-1024x768.jpeg)
इसी कड़ी में प्राचार्य श्रीमती वत्सला अय्यर द्वारा बच्चों को पे्ररित करते हुए कहा गया कि ‘पशु-पक्षियों के प्रति हम सभी में संवेदना होनी चाहिए। भीषण गर्मी में हम कम से कम भटकते हुए पशु-पक्षियों के लिए पानी व चारा उपलब्ध करा सकें यह पशु-पक्षियों के प्रति बहुत बड़ी सेवा होगी, जीव रक्षा सबसे बड़ा मानव धर्म है।’ शिक्षा के साथ-साथ बच्चों में इस प्रकार की सेवा-भाव विकसित करना भी हमारा उद्देश्य है।
आज विद्यालय में पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से पृथ्वी दिवस भी मनाया गया और पृथ्वी की रक्षा व सम्मान का संकल्प दिलाकर इस दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इस दिवस की सार्थकता को सिद्ध करते हुए बच्चों में जागरूकता लाने हेतु स्लोगन लेखन, जल संरक्षण पर विभिन्न कार्यक्रम विद्यार्थियों के बीच आयोजित किए गए। इस अवसर पर उप प्राचार्य श्रीमती रश्मि ठाकुर, समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित थे। उक्त जानकारी शाला की व्याख्याता श्रीमती उषा झा ने दी।