मनकू बुआ नहीं रही: भतीजे की शादी में माता पूजन के लिए गई थी, तेज रफ्तार गाड़ी ने रौंदा; शादी में पसरा मातम
भतीजे की शादी में शामिल होने आई बुआ की सड़क हादसे में मौत हो गई। वह माता पूजन के लिए गई थी। मंदिर से लौटते वक्त सड़क पार करते समय अज्ञात गाड़ी ने उनको रौंद गया। इससे अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई। सोमवार को भतीजे की बारात जानी है। बुआ की मौत के बाद शादी वाले घर में मातम छा गया।
दतिया के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के महाराजपुरा गांव निवासी मनकू अहिरवार (55) पत्नी बादाम सिंह गृहिणी थी। उसके भाई दयाशंकर के बेटे की 29 मई को शादी थी। शादी में शामिल होने के लिए मनकू अपनी देवरानी बूंदा के साथ भाई के घर चिरगांव के बरल आई थी। परिजनों ने बताया कि शनिवार को माता पूजन था। शाम करीब सात बजे वह महिलाओं के साथ मंदिर से घर लौट रही थी। सड़क पार करते समय एक अज्ञात गाड़ी ने उनको रौंद दिया। इसमें वे घायल हो गई। परिजन तुरंत उनको चिरगांव सीएचसी ले गए। जहां पर मनकू को मृत घोषित कर दिया गया।
शादी के घर में मातम का माहौल
मनकू की मौत की खबर मिलते ही शादी वाले घर में मातम का माहौल हो गया। ढोल और गाने बंद हो गए और रोना पीटना शुरू हो गया। इधर, हादसे के बाद ड्राइवर गाड़ी भगाकर ले गया। पुलिस ड्राइवर और गाड़ी की तलाश में जुटी है। मनकू का एक बेटा पवन और चार बेटियां हैं छत सभी की शादी हो चुकी है। उनके पति बादाम सिंह खेतीबाड़ी करते हैं।